सिद्धार्थनगर पुलिस की बड़ी कामयाबी अंतरराष्ट्रीय बाइक चोर चढ़ा हत्थे, पांच बड़ी वारदातों का खुलासा

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र सहित अन्य इलाकों में बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाते हुए पुलिस ने एक शातिर अंतरराष्ट्रीय चोर को गिरफ्तार किया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र सहित अन्य इलाकों में बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाते हुए पुलिस ने एक शातिर अंतरराष्ट्रीय चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक बरामद की है और उसकी निशानदेही पर चोरी की कुल पांच घटनाओं का खुलासा हुआ है।

सिसवा के पास से हुई गिरफ्तारी

क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह और उनकी टीम गुरुवार 12 मार्च को क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सिसवा के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद हुई।

नेपाल का रहने वाला है शातिर चोर

पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपी की पहचान गोरख धोबी पुत्र स्वर्गीय गोपाल धोबी के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से नेपाल के जनपद कपिलवस्तु अंतर्गत थाना कृष्णानगर के वार्ड नंबर-02, ग्राम सेवरा का निवासी है। जांच में सामने आया कि आरोपी अंतरराष्ट्रीय सीमा का लाभ उठाकर भारत में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था और तुरंत सीमा पार फरार हो जाता था।

पांच वारदातों का हुआ खुलासा

इस गिरफ्तारी से पुलिस ने चोरी की पांच बड़ी वारदातों की गुत्थी सुलझा ली है। आरोपी के विरुद्ध शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर और ढेबरुआ थाना क्षेत्रों में चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमों में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Voice Of News 24