बुलंदशहर
बुलंदशहर जनपद के मेरठ मंडल के आयुक्त श्री भानू चंद्र गोस्वामी ने शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय बुलंदशहर का गहन वार्षिक निरीक्षण किया। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के मेरठ मंडल के आयुक्त भानू चंद्र गोस्वामी ने शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय बुलंदशहर का गहन वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के रख-रखाव में लापरवाही और कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर मंडलायुक्त ने संबंधित पटल प्रभारियों और अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई।

पटल प्रभारियों को चेतावनी: “पारदर्शिता लाएं या कार्रवाई झेलें”
निरीक्षण की शुरुआत में मंडलायुक्त ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। उन्होंने नजारत पटल के रजिस्टर संख्या 04 के अवलोकन के दौरान आय-व्यय की प्रविष्टियों में मिली खामियों पर नाराजगी जताई और सुधार के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में पारदर्शिता और सुधारात्मक बदलाव अनिवार्य है।
लंबित शिकायतों और आरसी वसूली पर सख्त रुख
निकाय अनुभाग: शिकायतों के निस्तारण में देरी और जांच आख्या न मिलने पर आयुक्त ने रिमाइंडर भेजकर तत्काल रिपोर्ट तलब करने के निर्देश दिए।
राजस्व एवं संग्रह: हैसियत प्रमाण पत्र के लंबित आवेदनों पर तहसील स्तर से रिपोर्ट न आने पर उन्होंने जवाबदेही तय करने को कहा। वहीं, बैंक, विद्युत और स्टाम्प विभाग की आरसी (RC) वसूली में तेजी लाने के लिए तहसीलवार रोस्टर बनाकर अमीनों की मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

रिकॉर्ड रूम का होगा डिजिटल अपग्रेडेशन
रिकॉर्ड रूम के निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने नकल जारी करने की प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सुरक्षा के दृष्टिगत रिकॉर्ड रूम में एलईडी टीवी लगवाने के निर्देश दिए ताकि सीसीटीवी कैमरों के जरिए प्रभावी निगरानी की जा सके। साथ ही, तहसीलों से फाइलों को समय से ‘दाखिल दफ्तर’ करने की हिदायत दी।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी श्रीमती श्रुति, बीकेडीए उपाध्यक्ष डॉ. अंकुर लाठर, सीडीओ सुश्री निशा ग्रेवाल, एडीएम प्रशासन डॉ. प्रमोद कुमार पांडेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मंडलायुक्त ने अंत में चेतावनी दी कि अगले निरीक्षण तक सभी कमियां दुरुस्त हो जानी चाहिए।
महराजगंज: निकाह की ज़िद पर टावर पर चढ़ी प्रेमिका, 5 घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा
— Voice of News 24 (@VOfnews24) February 27, 2026




















