महराजगंज: इंडियन ऑयल में नौकरी के नाम पर युवक से ₹1.48 लाख की ठगी, व्हाट्सएप पर भेजा फर्जी जॉइनिंग लेटर

महराजगंज

महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में एक युवक ठगी का शिकार हो गया है। बलिया के एक जालसाज ने खुद को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL) का कर्मचारी बताकर युवक से नौकरी के नाम पर 1,48,300 रुपये ऐंठ लिए। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में एक युवक ठगी का शिकार हो गया है। बलिया के एक जालसाज ने खुद को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL) का कर्मचारी बताकर युवक से नौकरी के नाम पर 1,48,300 रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विश्वास में लेकर ऐसे बिछाया जाल

बसहियां बुजुर्ग निवासी विद्यासागर प्रजापति की मुलाकात तीन साल पहले बलिया के विशाल सिंह से हुई थी। विशाल ने उसे झांसा दिया कि वह मथुरा रिफाइनरी में कार्यरत है और वहाँ भर्तियाँ निकली हैं। नौकरी पक्की कराने के नाम पर उसने ₹1.50 लाख की मांग की। विद्यासागर ने पहले फॉर्म के नाम पर एक हजार रुपये भेजे।

फर्जी लेटर भेजकर की वसूली

शातिर आरोपी ने पीड़ित का विश्वास जीतने के लिए व्हाट्सएप पर एक फर्जी जॉइनिंग लेटर भेजा। इसके बाद दबाव बनाकर विभिन्न किश्तों में कुल ₹1.47 लाख से अधिक की धनराशि अपने खाते में ट्रांसफर करवा ली। पैसे मिलते ही आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर लिया और पीड़ित को ब्लॉक कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई

श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी विशाल सिंह के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 318(2) के तहत धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की तकनीकी जांच की जा रही है।

 

Voice Of News24