आस्था पर प्रहार: परतावल में पवित्र छठ घाट बना ‘कूड़ा घर’, नगर पंचायत की लापरवाही से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश

महराजगंज

महराजगंज जनपद के स्वच्छता और विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाली नगर पंचायत परतावल की एक बेहद शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के स्वच्छता और विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाली नगर पंचायत परतावल की एक बेहद शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। वार्ड संख्या 13, लोहिया नगर स्थित पवित्र छठ घाट, जो हजारों लोगों की आस्था का केंद्र है, उसे नगर पंचायत प्रशासन ने कूड़ा डंपिंग ग्राउंड में तब्दील कर दिया है। पूरे नगर का कचरा खुलेआम इसी घाट परिसर में फेंका जा रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र गंदगी और दुर्गंध की चपेट में है।

आस्था और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि घाट परिसर में स्थित सरकारी हैंडपंप से पानी लेने आने वाले लोगों को कूड़े के ढेर, भयंकर बदबू और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। स्थिति इतनी नारकीय हो चुकी है कि घाट तक जाने वाला मार्ग भी बाधित हो गया है। पवित्र स्थल पर इस तरह गंदगी फैलाना न केवल स्वच्छता अभियान की धज्जियां उड़ा रहा है, बल्कि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं के साथ भी सीधा खिलवाड़ है।

जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल हैरानी की बात यह है कि घनी आबादी और आस्था से जुड़े इस स्थल पर प्रतिदिन कूड़ा गिराया जा रहा है, लेकिन शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौन साधे हुए हैं। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि घाट की तत्काल सफाई कराकर कूड़ा डंपिंग को किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित नहीं किया गया, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। अब देखना यह है कि प्रशासन आस्था के इस केंद्र को कब तक गंदगी से मुक्त करा पाता है।

 

Voice Of News24