सिद्धार्थनगर महोत्सव 2026: पीएम मोदी ने पत्र लिख कर दीं शुभकामनाएँ, बोले बुद्ध की यह धरती पूरी दुनिया का मार्गदर्शन कर रही है

सिद्धार्थनगर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सिद्धार्थनगर महोत्सव-2026’ के भव्य आयोजन को लेकर एक विशेष पत्र जारी किया है।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सिद्धार्थनगर महोत्सव-2026’ के भव्य आयोजन को लेकर एक विशेष पत्र जारी किया है। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे जनपद की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक पटल पर स्थापित करने वाला एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने सिद्धार्थनगर को मानवता को शांति और आत्मबोध का मार्ग दिखाने वाली पावन धरा के रूप में संबोधित किया।

Image
प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में भगवान बुद्ध के कालजयी संदेशों का उल्लेख करते हुए लिखा कि बुद्ध की करुणा, अहिंसा और सम्यक दृष्टि आज के दौर में भी अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने कहा भगवान बुद्ध का मध्यम मार्ग, सहिष्णुता और मानव गरिमा का विचार भारत की आत्मा में रचा-बसा है। यह बौद्ध विरासत हमारी सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न अंग है, जो निरंतर पूरी दुनिया का मार्गदर्शन करती आ रही है।

पीएम मोदी ने जोर दिया कि देश अपनी समृद्ध विरासत पर गर्व करते हुए ‘विकसित और आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण की ओर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सिद्धार्थनगर महोत्सव न केवल लोककला, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक परंपराओं को नई ऊर्जा देगा, बल्कि ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ जैसी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय कारीगरों और युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार भी खोलेगा।

पत्र के समापन में प्रधानमंत्री ने आह्वान किया कि सिद्धार्थनगर की गौरवशाली विरासत को संजोते हुए भगवान बुद्ध के शांति और करुणा के संदेश को भावी पीढ़ियों तक पहुँचाया जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह महोत्सव राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सौहार्द को और अधिक मजबूत करेगा।

 

 

Voice Of News 24