महराजगंज:भूमि विवाद में ताबड़तोड़ कुल्हाड़ी वार से अधेड़ की हत्या, गांव में तनाव,एसपी पहुंचे मौके पर, फोरेंसिक टीम जुटी जांच में; दो संदिग्ध हिरासत में

मृतक विनोद तिवारी की फाइल फोटो

महराजगंज

महराजगंज जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र के भैंसा गांव में भूमि विवाद ने रविवार की देर शाम खौफनाक रूप ले लिया।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र के भैंसा गांव में भूमि विवाद ने रविवार की देर शाम खौफनाक रूप ले लिया। लंबे समय से चली आ रही रंजिश के बीच कुल्हाड़ी से हुए ताबड़तोड़ हमले में गांव के अधेड़ विनोद तिवारी की हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुटी है, वहीं दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।

भैंसा निवासी विनोद तिवारी और बैजनाथ वर्मा के घरों के बीच महज पांच फीट चौड़ा रास्ता विवाद का कारण बना हुआ था। इसी भूमि को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से तनाव था। विवाद बढ़ने पर विनोद तिवारी ने न्यायालय से स्टे भी ले रखा था, बावजूद इसके बैजनाथ द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा था। आपसी रंजिश के चलते दोनों पक्षों का कई बार 151 में चालान भी हो चुका था।

रविवार की शाम करीब छह बजे विनोद तिवारी गांव के बाहर पुलिया के पास बैठे थे। तभी बैजनाथ वर्मा पीछे से पहुंचा और ललकारते हुए अचानक कुल्हाड़ी से वार करना शुरू कर दिया। गले पर ताबड़तोड़ हमले के चलते विनोद मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। सूचना पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और सीओ सदर जयप्रकाश तिवारी के नेतृत्व में तीन थानों की पुलिस फोर्स गांव में तैनात कर दी गई है। फोरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। एसपी सोमेन्द्र मीना भी रात में मौके पर पहुंचे और सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर अधीनस्थों को आवश्यक निर्देश दिए।

गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है। प्रशासन का कहना है कि परिस्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। हत्या के पीछे पुरानी जमीनी रंजिश को मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की तह तक जाने में जुटी है।

 

Voice Of News 24 

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.