महराजगंज : ठूठीबारी में ग्रामीणों ने खाद तस्करों के मनसूबों को किया फेल,कर दिया बड़ी तस्करी का खुलासा

महराजगंज

महराजगंज जनपद के ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र में स्थित गड़ौरा साधन सहकारी समिति में खाद की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

महराजगंज जनपद के ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र में स्थित गड़ौरा साधन सहकारी समिति में खाद की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सतर्कता से खाद की तस्करी का एक प्रयास विफल हो गया, जिसके बाद समिति के सचिव को निलंबित कर दिया गया है।

ग्रामीणों ने किया भंडाफोड़

ग्रामीणों ने देखा कि समिति में आई खाद को गोदाम में रखने की बजाय सीधे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादा जा रहा था। संदेह होने पर स्थानीय निवासी बजरंगी जायसवाल, जगदीश, धीरेंद्र, स्वामीनाथ और नीतीश ने ट्रैक्टर को रोका। पूछताछ में कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि समिति के सचिव विक्की यादव और उनके सहयोगी इस तस्करी में शामिल हैं।

पुलिस और विभाग की कार्रवाई

सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने खाद से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को ठूठीबारी पुलिस के हवाले कर दिया। थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि वाहन को कब्जे में लेकर कस्टम अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस बीच, एआर कोऑपरेटिव सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि जांच के लिए एडीओ कोऑपरेटिव साकेत पटेल को मौके पर भेजा गया था। जांच में पाया गया कि सचिव विक्की यादव ने अपने सहयोगी को बिना अनुमति के चाबी दी थी, जिसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस मामले में बिना रोस्टर और अनुमति के खाद निकालने पर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जाएगी।

 

Voice Of  News 24