सिद्धार्थनगर:अप्रैल से जनसेवा केंद्रों से मिलेगा परिवहन विभाग की कई सेवाएं, आरटीओ कार्यालय के चक्कर से मिलेगी मुक्ति

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर में अब से लोग आरटीओ कार्यालय के चक्कर लगाए बिना ही जनसेवा केंद्रों से परिवहन विभाग की सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे। । पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट 

सिद्धार्थनगर में अब से लोग आरटीओ कार्यालय के चक्कर लगाए बिना ही जनसेवा केंद्रों से परिवहन विभाग की सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे। वित्तीय वर्ष के पहले माह से यह सुविधा शुरू होने जा रही है, जिससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।

अब अप्रैल से सीएससी (जनसेवा केंद्र) पर लर्निंग और स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस, दस्तावेज स्कैनिंग, अपलोडिंग, फोटो कॉपी और अन्य परिवहन संबंधित सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे लोगों को लंबी दूरी तय करके आरटीओ कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा, नजदीकी केंद्र पर ही सभी सेवाएं मिलेंगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।

आरटीओ सुरेश कुमार ने बताया कि जनसेवा केंद्रों को एसबीआई एमओपीएस पेमेंट गेटवे से जोड़ा गया है, जिससे भुगतान की प्रक्रिया आसान और कैशलेस हो गई है। इसके तहत, लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस के लिए विभाग की फीस के साथ जनसेवा केंद्र संचालक को 30 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। दस्तावेज स्कैनिंग और अपलोडिंग के लिए 2 रुपये प्रति पेज, प्रिंटिंग शुल्क 3 रुपये और फोटो कॉपी के लिए 2 रुपये प्रति पेज की दर निर्धारित की गई है।

इस नई सुविधा के शुरू होने से दलालों का कार्य खत्म हो जाएगा, क्योंकि सभी कार्य सीधे जनसेवा केंद्रों से किए जा सकेंगे। इसके साथ ही, सीएससी संचालकों की आमदनी भी बढ़ेगी, और जनता को बेहतर सेवाएं मिलेंगी।

Voice Of News 24