विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप के रोमांचक सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 5 रन से हराया

Voice of news 24

24 Feb 2023 10:43PM

 

विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप के रोमांचक सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 5 रन से हरा दिया। भारत को 33 बॉल पर 41 रन की जरूरत थी। रिचा घोष और हरमनप्रीत कौर क्रीज पर थीं। तब हरमन रनआउट हो गईं। भारत आखिरी 32 बॉल पर 34 रन ही बना सका और मैच हार गया।

भारत ने पहली पारी में खराब फील्डिंग की, कैच छोड़े और अहम मौकों को किस्मत खराब होने के चलते विकेट भी गंवाए। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने शानदार फील्डिंग की, जिस कारण अहम मौकों पर उन्हें विकेट भी मिले।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट गंवाकर 172 रन बनाए थे। भारतीय टीम की खराब फील्डिंग चर्चा का विषय रही। टीम इंडिया ने मेग लैनिंग और बेथ मूनी के आसान कैच छोड़े। इसका नतीजा यह हुआ कि मूनी और लैनिंग ने बड़ी पारियां खेलीं। मूनी ने 37 गेंदों में 54 रन की पारी खेली। इसके अलावा लैनिंग ने कप्तानी पारी खेलते हुए 34 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए। एश्ले गार्डनर ने 18 गेंदों में 31 रन की पारी खेली।जवाब में भारतीय टीम 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 167 रन बना सकी। एक वक्त भारत ने 14 ओवर में चार विकेट गंवाकर 124 रन बना लिए थे। तब टीम इंडिया को 36 गेंदों में 49 रन की जरूरत थी। ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम आसानी से मैच जीत लेगी। कप्तान हरमनप्रीत कौर 30 गेंदों में 43 रन और ऋचा घोष 14 रन बनाकर क्रीज पर थीं। इसके बाद अगले ओवर में हरमनप्रीत ने अर्धशतक पूरा किया और इसी ओवर में अजीबोगरीब तरीके से रन आउट हो गईं। यही मैच का टर्निंग पॉइंट रहा। एक रन लेने के बाद दूसरा रन लेने वक्त वह बैट को क्रीज के अंदर रखना भूल गईं। वह 34 गेंदों में 52 रन बना सकीं।