सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद के मुजहाना घाट स्थित कूड़ा नदी में गुरुवार सुबह मां लक्ष्मी की प्रतिमा के विसर्जन से पूर्व एक अत्यंत हृदयविदारक हादसा घटित हो गया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के मुजहाना घाट स्थित कूड़ा नदी में गुरुवार सुबह मां लक्ष्मी की प्रतिमा के विसर्जन से पूर्व एक अत्यंत हृदयविदारक हादसा घटित हो गया। विसर्जन की तैयारियों के बीच नदी में नहाने उतरे तीन दोस्तों में से दो युवक गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब गए। घटना के बाद से घाट पर अफरा-तफरी और गांव में मातम का माहौल है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है और लापता युवकों की तलाश के लिए एनडीआरएफ को भी सूचित किया गया है।
प्रतिमा आने से पहले नदी में नहाने उतरे थे तीनों दोस्त
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 11:00 बजे गांव में स्थापित मां लक्ष्मी की प्रतिमा के विसर्जन के लिए तीन मित्र पहले ही मुजहाना घाट पहुंच गए थे। उस समय तक प्रतिमा विसर्जन जुलूस घाट पर नहीं पहुंचा था। इसी बीच तीनों दोस्तों ने कूड़ा नदी में नहाने का निर्णय लिया।
नदी में डूबने वाले युवकों की पहचान
आदित्य कुमार कनौजिया (उम्र 18 वर्ष), पुत्र लकी चंद्र कनौजिया
गौतम कुमार (उम्र करीब 20 वर्ष), पुत्र हेमंत कुमार
इन दोनों के साथ उनका तीसरा मित्र दीपू भी मौजूद था।
तीसरे दोस्त की आंखों के सामने गहरे पानी में समाए दोनों साथी
प्रत्यक्षदर्शी मित्र दीपू ने बताया कि नहाने के दौरान आदित्य और गौतम एक-दूसरे का हाथ पकड़कर नदी में आगे की ओर बढ़ रहे थे, जबकि वह स्वयं पीछे था। इसी बीच दीपू का नहाने का मन नहीं हुआ और वह नदी से बाहर निकल आया। कुछ ही क्षण बाद जब उसने पीछे मुड़कर देखा, तो आदित्य और गौतम गहरे पानी में डूबते नजर आए।
अपने साथियों को डूबता देख दीपू घबरा गया और शोर मचाते हुए आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाने लगा। लेकिन जब तक स्थानीय लोग बचाव के लिए नदी में उतरे, तब तक दोनों युवक तेज बहाव और गहरे पानी में लापता हो चुके थे।
पुलिस व तहसील प्रशासन की टीम मौके पर, परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से नदी में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। वहीं, तहसील प्रशासन और लेखपालों की टीम भी मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रही है। लापता युवकों की खोजबीन में तेजी लाने के लिए एनडीआरएफ टीम को भी सूचना भेज दी गई है।
दोनों युवकों के नदी में लापता होने की खबर से उनके परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। नदी तट पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है और परिजन अपनों के सकुशल मिलने की आस लगाए बैठे हैं।
महराजगंज जनपद के #बृजमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत #धानी स्थित राप्ती नदी के खड़खड़िया पुल के पास मूर्ति विसर्जन के दौरान प्रशासनिक बड़ी लापरवाही सामने आई है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने और घाट पर बरती गई घोर लापरवाही के चलते एक 30 वर्षीय युवक नदी के गहरे पानी में समा गया https://t.co/VU2H2mY0zg
— Voice of News 24 (@VOfnews24) November 11, 2026


















