महराजगंज

बुधवार आधी रात के बाद बदले मौसम के मिजाज ने महराजगंज जनपदवासियों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दिलाई है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद में बुधवार आधी रात के बाद मौसम में आए अचानक बदलाव ने जनपदवासियों को उमस और भीषण गर्मी से बड़ी राहत दिलाई है। आसमान में घने काले बादलों के डेरा डालते ही झमाझम बारिश और रिमझिम फुहारों का सिलसिला शुरू हो गया, जो गुरुवार दिनभर रुक-रुक कर जारी रहा। लगातार हुई इस बारिश से जिले का अधिकतम तापमान लगभग 7 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जिससे पूरा वातावरण खुशनुमा और ठंडा हो गया है।
अधिकतम 26 और न्यूनतम 22 डिग्री दर्ज हुआ पारा
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार आधी रात से लेकर गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक 15.0 मिमी और उसके बाद शाम 5:30 बजे तक 7.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। दिन और रात के तापमान में महज 4 डिग्री का मामूली अंतर रहने के कारण पूरे 24 घंटे मौसम एक समान ठंडा बना रहा।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. टीबी सिंह के अनुसार, मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में सक्रिय है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब आगे बढ़कर गुरुवार शाम तक डिप्रेशन में बदल गया। इन दोनों मौसमी प्रणालियों के असर से शुक्रवार और शनिवार को भी जिले में आसमान में घने बादल छाए रहने तथा हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की प्रबल संभावना है।
रविवार से साफ होगा आसमान, फिर चढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार से बादलों का असर धीरे-धीरे कम होने लगेगा। आसमान साफ होने के साथ ही दिन के पारे में फिर से बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे रात के तापमान में भी हल्का इजाफा देखने को मिलेगा।
पेड़ गिरने से 11 हजार वोल्ट की लाइन प्रभावित: नौतनवा में बिजली ठप, सोनौली में आकाशीय बिजली से ट्रांसफार्मर जलाhttps://t.co/UmUgCRSFpz
— Voice of News 24 (@VOfnews24) September 25, 2026












