बुलंदशहर में बस-ट्रैक्टर भिड़ंत के बाद बवाल: श्रद्धालुओं ने पुलिस पर किया पथराव, लाठीचार्ज के बाद 36 पर मुकदमा दर्ज

बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के छतारी थाना क्षेत्र के कल्याण सिंह चौक (छतारी दोराहा) पर गुरुवार दोपहर गणेश विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं और एक बस चालक के बीच हुई टक्कर ने हिंसक रूप ले लिया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के छतारी थाना क्षेत्र के कल्याण सिंह चौक (छतारी दोराहा) पर गुरुवार दोपहर गणेश विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं और एक बस चालक के बीच हुई टक्कर ने हिंसक रूप ले लिया। बस चालक के साथ मारपीट के बाद थाने पहुंचे उग्र श्रद्धालुओं ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ना पड़ा। मामले में पुलिस ने 11 नामजद समेत 36 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

अनूपशहर जाते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ जिले के थाना मडराक अंतर्गत गांव मई से श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए अनूपशहर जा रहे थे। छतारी दोराहे के पास पीछे से आ रही अतरौली डिपो की बस से ट्रैक्टर-ट्रॉली की मामूली भिड़ंत हो गई। हादसे से आक्रोशित श्रद्धालुओं ने बस चालक अनिल कुमार को घेरकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

थाना परिसर में पथराव, गाड़ियों के शीशे टूटे

सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को शांत कराकर छतारी थाने ले आई। थाने में बातचीत के दौरान श्रद्धालुओं और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई और पथराव में बदल गई। उग्र भीड़ द्वारा किए गए पथराव में थाना परिसर में खड़ी पुलिसकर्मियों की निजी गाड़ियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।

पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति पर पाया नियंत्रण

उपद्रव बढ़ता देख पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बल प्रयोग (लाठीचार्ज) किया और पथराव कर रहे लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर खदेड़ा। लाठीचार्ज के बाद मौके पर भगदड़ मच गई और स्थिति सामान्य हो सकी।

11 नामजद व 25 अज्ञात पर केस दर्ज

मामले में बस चालक अनिल कुमार की तहरीर पर पुलिस ने 11 नामजद (मुरारीलाल, श्याम, प्रकाश चंद्र, सागर, मोहित, आशू, संजू, मिथलेश, गीता, बबीता व सुनीता) तथा 20-25 अज्ञात महिला व पुरुष श्रद्धालुओं के विरुद्ध संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।

एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि बस चालक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और वायरल वीडियो व साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.