महराजगंज
महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरकटिया गांव (टोला लंगड़ी) में गुरुवार की देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वॉइस ऑफ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।
महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरकटिया गांव (टोला लंगड़ी) में गुरुवार की देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। घर के बाहर सो रही लगभग 40 वर्षीया महिला रुक्मिणी (पत्नी शिव नारायण) की अज्ञात बदमाशों ने सिर कूचकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
विवाद के बाद रंजिश की आशंका
स्थानीय सूत्रों और परिजनों के अनुसार, गुरुवार को शिव नारायण के परिवार का गांव के ही कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था। हालांकि, उस समय मामला शांत हो गया था। रात में खाना खाने के बाद रुक्मिणी गर्मी से राहत पाने के लिए घर के बाहर बिस्तर लगाकर सो गई थीं।
आशंका जताई जा रही है कि देर रात सन्नाटे का फायदा उठाकर हमलावरों ने ईंट या किसी भारी वस्तु से उनके सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया और मौके से फरार हो गए।
सुबह खून से लथपथ मिला शव
शुक्रवार की सुबह जब परिजन रुक्मिणी को जगाने पहुंचे, तो उनका शव बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ा मिला। सिर पर गंभीर चोटों के निशान देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर गहन जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
दो आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शक के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का सफल अनावरण कर आरोपियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।













