बुलंदशहर: लखावटी फैंटम पर तैनात 25 वर्षीय सिपाही सुधीर ठाकुर ने सर्विस राइफल से गोली मारकर की आत्महत्या, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

औरंगाबाद

बुलंदशहर जनपद के औरंगाबाद कस्बे से एक बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाली खबर सामने आई है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


बुलंदशहर जनपद के औरंगाबाद कस्बे से एक बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाली खबर सामने आई है। यहाँ लखावटी चौकी की फैंटम ड्यूटी पर तैनात उत्तर प्रदेश पुलिस के एक 25 वर्षीय सिपाही सुधीर ठाकुर ने गुरुवार तड़के अपनी ही सर्विस राइफल से गर्दन में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के पीछे पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव वजह बताई जा रही है। इस आत्मघाती कदम से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही एसएसपी सहित आला अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक सिपाही सुधीर ठाकुर (25 वर्ष) पुत्र जगवीर, मूल रूप से आगरा जिले के इरादतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम संगेचा के निवासी थे। सुधीर ने करीब 3 महीने पहले ही यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती के तहत औरंगाबाद क्षेत्र में अपनी जॉइनिंग की थी।

गुरुवार तड़के करीब 3 बजे सुधीर अपनी सरकारी राइफल लेकर लखावटी नहर की तरफ जाने लगे। उन्हें इस तरह अकेले जाते देख बैरक में मौजूद साथी सिपाही सौरभ भी उनके पीछे-पीछे दौड़ पड़ा। सुधीर ने सौरभ को पीछे आने से मना किया, लेकिन जब सौरभ नहीं माना तो दोनों में कहासुनी होने लगी। सुधीर ने खुद को गोली मारने की बात कही, जिसे सुनकर सौरभ ने उन्हें समझाने और रोकने का हर संभव प्रयास किया। इसी बीच अवसाद में आए सुधीर ने खौफ पैदा करने के लिए एक राउंड हवाई फायरिंग भी कर दी।

चौकी इंचार्ज को बुलाने भागा साथी, पीछे से चल गई गोली

हवाई फायरिंग के बाद भी जांबाज साथी सिपाही सौरभ पीछे नहीं हटा, लेकिन स्थिति को हाथ से निकलता देख वह तुरंत मदद और सूचना के लिए लखावटी चौकी इंचार्ज को बुलाने भागा। जैसे ही सौरभ वहां से थोड़ा आगे बढ़ा, सुधीर ने बिना वक्त गंवाए अपनी सरकारी राइफल को गर्दन से सटाकर ट्रिगर दबा दिया। गोली लगते ही सुधीर खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े।

कुछ ही देर में सूचना पाकर मौके पर चौकी इंचार्ज रामेश्वरदयाल शर्मा, थाना प्रभारी राहुल चौधरी और स्वयं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) दिनेश कुमार भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ ग्राउंड जीरो पर पहुंचे, लेकिन तब तक सिपाही सुधीर दम तोड़ चुके थे।

पारिवारिक कलह से गहरे अवसाद में थे सुधीर, आगरा से बुलंदशहर रवाना हुए परिजन

साथी पुलिसकर्मियों ने बताया कि सुधीर पिछले कई दिनों से भयंकर मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। तनाव की मुख्य वजह उनके घर में चल रही पारिवारिक चिंता और कलह थी। बैरक के साथियों ने कई बार उनसे बातचीत कर उनका मन हल्का करने की कोशिश की थी, लेकिन अवसाद उन पर इस कदर हावी हुआ कि उन्होंने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

पुलिस ने मृतक सिपाही के शव का पंचनामा भरकर उसे तत्काल पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से खोखा कारतूस और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मुख्यालय द्वारा घटना की सूचना आगरा स्थित उनके परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद रोते-बिलखते परिजन बुलंदशहर के लिए रवाना हो गए हैं।

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error 403: The request cannot be completed because you have exceeded your quota..

Domain code: youtube.quota
Reason code: quotaExceeded

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.