महराजगंज
महराजगंज जनपद के पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चौक पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने विवाहिता की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पति, सास और ससुर समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही हत्या के लिए उकसाने वाले एक अपचारी किशोर को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
मामला चौक थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 का है, जहां बीते रविवार (5 जुलाई 2026) को सीतारा नामक महिला की हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मृतका के परिजनों की तहरीर पर चौक थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2), 85 और 3/4 दहेज प्रतिषेध (DP) अधिनियम के तहत मुकदमा (मु.अ.सं. 109/2026) पंजीकृत किया गया था।
साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी
मामले की विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान पर्याप्त सबूत मिलने पर चौक थाना पुलिस ने सोमवार को प्रभावी कार्रवाई की। पुलिस ने दबिश देकर घटना से जुड़े तीनों मुख्य आरोपियों को दबोच लिया और उकसाने वाले किशोर को भी हिरासत में ले लिया। सभी को वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
विक्रम उर्फ श्रवण पुत्र राजेन्द्र (पति) – उम्र लगभग 24 वर्ष
राजेन्द्र पुत्र स्व. छांगुर (ससुर) – उम्र लगभग 47 वर्ष
भानमती पत्नी राजेन्द्र (सास) – उम्र लगभग 44 वर्ष
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम:
आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में चौक थाने के उपनिरीक्षक (SI) दयाशंकर यादव, हेड कांस्टेबल रामअयोध्या यादव, कांस्टेबल राहुल यादव, अमित मौर्या और महिला कांस्टेबल अवंतिका मिश्रा शामिल रहीं।












