सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर नगर पंचायत बढ़नी में स्थित युग कृष्णा इण्डेन गैस एजेंसी की मनमानी और रसोई गैस की किल्लत से स्थानीय जनता बेहद त्रस्त है। कड़कड़ाती धूप में उपभोक्ताओं को पर्ची और सिलेंडर के लिए लंबी लाइनों में लगने को मजबूर होना पड़ रहा है, फिर भी समय पर गैस नहीं मिल पा रही है।
अवैध वसूली और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप:
बिना होम डिलीवरी अतिरिक्त वसूली: बुद्धिजीवियों और उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी द्वारा होम डिलीवरी नहीं दी जा रही है। वर्तमान में होम डिलीवरी चार्ज सहित सिलेंडर की कीमत 1,021 रुपये है, लेकिन एजेंसी संचालक द्वारा ग्राहकों से सरेआम 1,030 रुपये वसूले जा रहे हैं। प्रति सिलेंडर 9 रुपये की यह अवैध वसूली चर्चा का विषय बनी हुई है।
पहले भी हुई ओवररेटिंग: उपभोक्ताओं का कहना है कि पूर्व में जब गैस की किल्लत थी, तब भी निर्धारित मूल्य 992 रुपये की जगह ग्राहकों से जबरन 1,000 रुपये लिए गए थे।
मैसेज का खेल: आरोप है कि ग्राहकों के मोबाइल पर ‘गैस डिलीवर्ड’ का मैसेज तो आ जाता है, लेकिन हकीकत में उन्हें सिर्फ पर्ची थमाई जाती है और सिलेंडर के लिए 15-15 दिन का इंतजार कराया जाता है।
आंदोलन की चेतावनी
बढ़नी नगर और देहात मिलाकर एजेंसी के पास लगभग 18 हजार एक्टिव कनेक्शन हैं। इस बड़े उपभोक्ता आधार से हो रही अवैध वसूली को लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्रीय सांसद, विधायक विनय वर्मा, जिलाधिकारी और जिला पूर्ति अधिकारी का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए जांच और विधिक कार्रवाई की मांग की है। जनता का कहना है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो वे धरना-प्रदर्शन और आंदोलन के लिए बाध्य
होंगे।













