बलिया
बलिया कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में नगर निकायों की योजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में कार्यों की धीमी प्रगति और लापरवाही पर डीएम ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के सभी नालों की समयबद्ध सफाई कराई जाए और उसकी जांच के लिए टीम गठित हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) सेंटर बंद मिले, तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कराई जाएगी। साथ ही, कूड़ा उठान और उसके वैज्ञानिक निस्तारण में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।
इन योजनाओं की हुई समीक्षा
मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना: ग्राम पंचायत नगरा में 14 में से केवल 4 कार्य पूरे होने और नगर पंचायत रतसर कला में धीमी प्रगति पर डीएम ने नाराजगी जताई।
राज्य सेक्टर पेयजल योजना: जनपद में स्वीकृत 53 कार्यों में से महज 11 पूरे मिले। बेल्थरारोड में 16 कार्यों में से एक भी पूरा न होने पर वहां के ईओ से स्पष्टीकरण मांगा गया।
अंत्येष्टि स्थल निर्माण: रतसर कला में बजट होने के बावजूद काम शुरू न होने पर ईओ रतसर कला को फटकार लगाते हुए स्पष्टीकरण तलब किया गया।
वंदन योजना की खराब प्रगति पर भी नाराजगी जताते हुए डीएम ने कहा कि वह स्वयं औचक निरीक्षण करेंगे। बैठक में एडीएम अनिल कुमार सहित सभी अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।













