बुलंदशहर
बुलंदशहर मौसम में अचानक आए बदलाव और बारिश के बाद बढ़ी तल्ख धूप व उमस ने लोगों की सेहत बिगाड़ दी है। दानपुर इलाके में वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम और पेट दर्द के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। सोमवार को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराने के लिए अचानक 200 से अधिक मरीज पहुंचे, जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवल किशोर ने बताया कि बारिश के बाद तापमान बढ़ने और सुबह-शाम की हल्की ठंड के कारण लोग मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। दूषित खान-पान और तली-भुनी चीजों के सेवन से कई लोग फूड पॉइजनिंग और उल्टी-दस्त का शिकार होकर भर्ती हुए हैं।

स्थानीय निवासी ओमप्रकाश, सुशील और मनोज ने बताया कि दिन में अत्यधिक गर्मी और रात में नमी के कारण घर-घर में लोग बीमार हैं। डॉ. नवल किशोर ने ग्रामीणों को उबला पानी पीने, बासी भोजन और बारिश के पानी से बचने तथा तबीयत बिगड़ने पर तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में संपर्क करने की सलाह दी है।













