महराजगंज
महराजगंज जनपद के सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के निचलौल रेंज में तेंदुए का खौफ चरम पर है। रविवार रात करीब आठ बजे बहुआर मार्ग पर लेदी के पास जंगल से निकले तेंदुए ने बाइक पर बैठे एक किशोर पर पीछे से जानलेवा हमला कर दिया। चीख-पुकार मचने पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग निकला। घायल किशोर को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पंजों से पीठ और हाथ को किया लहुलुहान
शितलापुर निवासी हिरदेश राजभर के पिता बहुआर मार्ग पर चाय की दुकान चलाते हैं। रविवार शाम हिरदेश दुकान के बाहर खड़ी बाइक पर बैठा हुआ था, तभी घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुए ने अपने पैने पंजों से किशोर की पीठ और हाथ पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया
इलाके में दहशत: एक हफ्ते में तीसरी वारदात
इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश और डर का माहौल है। निचलौल क्षेत्र में महज एक सप्ताह के भीतर यह तीसरी बड़ी घटना है:
25 जून: चरभरिया निवासी सुरेश पर तेंदुए का हमला।
1जुलाई: ढेसो पुल के पास रामप्रीत यादव को तेंदुए ने किया घायल।
5 जुलाई (रविवार): बाइक सवार किशोर हिरदेश पर हमला।
वन विभाग का बयान: निचलौल रेंजर सुनील राव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और प्रभावित क्षेत्र में गश्त व निगरानी बढ़ा दी गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि कागजी कार्रवाई के बजाय क्षेत्र में तुरंत पिंजरा लगाकर आदमखोर हो रहे तेंदुए को पकड़ा जाए, ताकि लोग सुरक्षित महसूस कर सकें।












