हापुड़
हापुड़ जनपद की गढ़मुक्तेश्वर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बिस्मिल्लाह होटल के पास एक युवक पर जानलेवा हमला कर डंडे और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर उसकी निर्मम हत्या करने वाले तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कार, डंडे और लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है।

दोताई पुल नहर पटरी के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए गढ़मुक्तेश्वर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दोताई पुल नहर पटरी के पास से दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है:
नवाब खान (पुत्र: अमीर खान), निवासी: बीबीपुरा वास्टा, थाना चांदपुर, जनपद बिजनौर।
अबूबकर (पुत्र: जहीर अहमद), निवासी: अंजुम कॉलोनी, थाना कोतवाली नगर, जनपद अमरोहा।
शादाब कुरैशी (पुत्र: इरफान), निवासी: मोहल्ला कुरेशियान वास्टा, थाना चांदपुर, जनपद बिजनौर।
क्या था हत्या का पूरा मामला?
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि मृतक मोहसीन ने अपना एक पुश्तैनी मकान किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया था। मुख्य आरोपी नवाब खान उसी मकान को खुद खरीदना चाहता था, जिससे वह रंजिश रखने लगा। इसके अलावा, मोहसीन ने नवाब को कुछ रुपये उधार भी दे रखे थे। काफी समय से अपने ही पैसों की वापसी की मांग करने और मकान न मिलने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद व पुरानी रंजिश चल रही थी।
इसी विवाद के चलते आरोपियों ने बिस्मिल्लाह होटल के पास मोहसीन को घेर लिया और लोहे की रॉड व डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी जान ले ली।
पुलिस की कार्रवाई: थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार और हत्या के हथियारों को सीज कर दिया है। सभी आरोपियों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जहां से उन्हें जेल भेजा जाएगा।












