जौनपुर
जौनपुर जनपद के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बेखौफ बदमाशों ने एसडीएम सदर कार्यालय के मुंशी पर जानलेवा हमला कर दिया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

जौनपुर जनपद के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बेखौफ बदमाशों ने एसडीएम सदर कार्यालय के मुंशी पर जानलेवा हमला कर दिया। बाइक सवार तीन नकाबपोश हमलावरों ने बीच सड़क पर बाइक रोककर लाठी-डंडों और हेलमेट से मुंशी को बेरहमी से पीटा। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल मुंशी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घर से निकलते ही बदमाशों ने घेरा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पतहना गांव निवासी रमाशंकर विश्वकर्मा 60 वर्ष कलेक्ट्रेट स्थित एसडीएम सदर कार्यालय में मुंशी के पद पर कार्यरत हैं। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे वे अपने 18 वर्षीय पोते नितिन के साथ बाइक पर सवार होकर कार्यालय जाने के लिए घर से निकले थे। अभी वे घर से महज 100 मीटर की दूरी पर ही पहुंचे थे कि रास्ते में घात लगाए बैठे एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें जबरन रोक लिया।
हेलमेट और लाठी-डंडों से किया लहूलुहान
बाइक रुकते ही बदमाशों ने रमाशंकर विश्वकर्मा पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों, हेलमेट और लात-घूंसों से उन्हें बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इस अचानक हुए हमले में रमाशंकर के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। दादा को पिटता देख पोते और रमाशंकर के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके की तरफ दौड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख हमलावर अपनी बाइक पर सवार होकर तेजी से फरार हो गए। ग्रामीणों ने कुछ दूर तक उनका पीछा भी किया, लेकिन नकाबपोश हाथ नहीं आए।
प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर
घटना की सूचना मिलते ही सरायख्वाजा थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल रमाशंकर विश्वकर्मा को उपचार के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करंजाकला भिजवाया। वहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सिर की गंभीर चोट को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहाँ उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस का वक्तव्य
स्थानीय पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की तहरीर और आस-पास के लोगों से पूछताछ के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत डीएम ने किया वृक्षारोपण, जिले में 6.16 लाख पौधे लगाने का लक्ष्यhttps://t.co/UUcecIDiGx
— Voice of News 24 (@VOfnews24) June 6, 2026













