बिजनौर
बिजनौर जनपद के थाना धामपुर क्षेत्र के गांव पाडली मांडू में एक युवक की गला घोंटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बिजनौर जनपद के थाना धामपुर क्षेत्र के गांव पाडली मांडू में एक युवक की गला घोंटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस जांच में हत्या की वजह प्रेम-प्रसंग और पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि तीसरे फरार आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित परिजनों और ग्रामीणों ने कोतवाली का घेराव किया।
31 मई से लापता था युवक, नहर के पास मिला शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पाडली मांडू निवासी शुभम सैनी 25 वर्ष बीती 31 मई की सुबह खेत पर जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो 2 जून को उसके पिता ओमप्रकाश ने धामपुर कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर बुधवार रात गांव के बाहर कब्रिस्तान के पास नहर से शुभम का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
पंचायत के समझौते के बाद भी मन में थी रंजिश
पुलिस जांच में हत्या के पीछे एक चौंकाने वाली वजह सामने आई है। मृतक शुभम का आरोपी अंकुश सैनी की पत्नी के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बीती 22 मई को परिजनों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद यह मामला पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गया। इस विवाद को सुलझाने के लिए गांव में पंचायत भी बैठी थी और दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया था, लेकिन ससुराल पक्ष के मन में रंजिश बनी रही।
रास्ते में रोककर उतारा मौत के घाट
आरोप है कि 31 मई की सुबह जब शुभम खेत की तरफ जा रहा था, तभी घात लगाकर बैठे आरोपियों ने उसे रास्ते में रोक लिया और गला घोंटकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से उन्होंने शव को गांव के बाहर नहर के पास फेंक दिया।
अधिकारियों का वक्तव्य
क्षेत्राधिकारी अभय पांडे ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर वीरेंद्र सैनी, उसके बेटे अंकुश सैनी और चचेरे भाई गौरव सैनी के खिलाफ संबंधित धाराओं में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अंकुश और गौरव को गिरफ्तार कर लिया है।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
शुक्रवार को शव मिलने की सूचना के बाद मृतक के परिजनों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने धामपुर कोतवाली का घेराव किया। ग्रामीणों ने मुख्य आरोपी वीरेंद्र सैनी की अब तक गिरफ्तारी न होने पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया और उसकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को शांत कराते हुए आश्वासन दिया है कि फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत डीएम ने किया वृक्षारोपण, जिले में 6.16 लाख पौधे लगाने का लक्ष्यhttps://t.co/UUcecIDiGx
— Voice of News 24 (@VOfnews24) June 6, 2026













