लखीमपुर खीरी
लखीमपुर खीरी जनपद के थाना पढ़ुआ क्षेत्र के ढेखरवा खालसा गांव में दहेज की वेदी पर एक और विवाहिता की बलि चढ़ गई। दहेज की मांग पूरी न होने पर 23 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

लखीमपुर खीरी जनपद के थाना पढ़ुआ क्षेत्र के ढेखरवा खालसा गांव में दहेज की वेदी पर एक और विवाहिता की बलि चढ़ गई। दहेज की मांग पूरी न होने पर 23 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास और जेठ समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों के खिलाफ प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से ही सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हैं।
दो साल पहले हुई थी शादी, लगातार मिल रही थी प्रताड़ना
सिंगाही देहात के रहने वाले पीड़ित पिता सिराजुद्दीन ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री शहनाज 23 का निकाह 7 जून 2022 को ढेखरवा खालसा निवासी जैरू के साथ किया था। आरोप है कि निकाह के बाद से ही पति जैरू, जेठ, सास और परिवार के अन्य सदस्य नगद रुपये, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल की मांग को लेकर शहनाज को शारीरिक और मानसिक रूप से लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।
मारपीट कर उतारा मौत के घाट, मौके से हँसिया बरामद
पिता का आरोप है कि 5 जून 2026 को मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने शहनाज के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पढ़ुआ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से एक हँसिया भी बरामद किया है, जिसे फॉरेंसिक जांच और साक्ष्य के रूप में कब्जे में लिया गया है।
पुलिस का बयान
“मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं, उन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।”
इस वीभत्स घटना के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा और आक्रोश का माहौल है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी व फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत डीएम ने किया वृक्षारोपण, जिले में 6.16 लाख पौधे लगाने का लक्ष्यhttps://t.co/UUcecIDiGx
— Voice of News 24 (@VOfnews24) June 6, 2026













