औरैया
औरैया जनपद के बेला थाना क्षेत्र के पुर्वा दुजे गांव में सोमवार को एक विवाहिता का शव घर के अंदर बेड पर अत्यंत संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

औरैया जनपद के बेला थाना क्षेत्र के पुर्वा दुजे गांव में सोमवार को एक विवाहिता का शव घर के अंदर बेड पर अत्यंत संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालजनों पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है।

बेड पर पड़ा मिला 23 वर्षीय विवाहिता का शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुर्वा दुजे गांव के रहने वाले शिवा दोहरे 23 वर्ष की पत्नी मोहिनी का शव सोमवार सुबह करीब 11 बजे उनके घर के अंदर बेड पर संदेहास्पद स्थिति में पड़ा मिला। ग्रामीण राजीव द्वारा इस घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार हरिकिशोर और थानाध्यक्ष गंगादास गौतम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
थाने पहुंचे मायके वाले, पति हिरासत में
विवाहिता की मौत की खबर मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के करीब दो दर्जन लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर आनन-फानन में पुर्वा दुजे गांव पहुंचे। वहाँ घर पर शव न पाकर परिजन व्याकुल हो गए और सीधे बेला थाने जा पहुंचे। परिजनों ने पुलिस से शव दिखाने की मांग की, जिस पर पुलिस अधिकारियों ने उन्हें ढांढस बंधाते हुए बताया कि विधिक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा चुका है।
मृतका की बहन राधा ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि मोहिनी की सोची-समझी रणनीति के तहत हत्या की गई है। मामले की संवेदनशीलता और मायके पक्ष के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति शिवा दोहरे को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
इस संबंध में थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मायके पक्ष की तहरीर और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
3 घंटे में खोई बच्ची माँ से मिली, पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहनाhttps://t.co/6cl1qM1fxG
— Voice of News 24 (@VOfnews24) June 1, 2026























