सिद्धार्थनगर/इटवा
सिद्धार्थनगर जनपद के इटवा थाना क्षेत्र में आज शनिवार दोपहर इटवा-डुमरियागंज मार्ग पर एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगरजनपद के इटवा थाना क्षेत्र में आज शनिवार दोपहर इटवा-डुमरियागंज मार्ग पर एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ ओवरटेकिंग के चक्कर में एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल ट्रक की चपेट में आ गई। इस भीषण दुर्घटना में बाइक पर पीछे बैठी महिला और उसकी गोद में मौजूद दो वर्षीय मासूम बेटे की ट्रक के पिछले पहिए के नीचे कुचल जाने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मायके जा रही थी महिला
जानकारी के अनुसार बताते चले की डुमरियागंज थाना क्षेत्र के कटौतियां गांव निवासी दुर्गावती (40) अपने दो साल के बेटे पल्लू के साथ शनिवार को अपने भाई जीतू सहानी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर ढेबरूवा थाना क्षेत्र स्थित अपने मायके जा रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक इटवा-डुमरियागंज मार्ग पर चौखड़ा स्थित बदलिया कन्या डिग्री कॉलेज के सामने पहुंची, तभी यह हादसा हो गया।
ओवरटेकिंग और तेज रफ्तार ट्रक बना काल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चौखड़ा के पास जीतू की बाइक की एक अन्य मोटरसाइकिल सवार से ओवरटेक करने के दौरान स्थिति बिगड़ गई। इसी बीच सामने से एक तेज रफ्तार ट्रक आता दिखाई दिया। अचानक सामने आए ट्रक को देखकर बाइक चला रहे जीतू सहानी ने अपना संतुलन खो दिया और बेकाबू बाइक सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।
टक्कर लगते ही पीछे बैठी दुर्गावती और उनका मासूम बेटा पल्लू छिटककर सीधे सड़क पर जा गिरे।इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, गतिमान ट्रक का पिछला पहिया दोनों को कुचलता हुआ निकल गया।
इस दर्दनाक हादसे में मां-बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बाइक चला रहे भाई जीतू सहानी को मामूली चोटें आई हैं।
ट्रक और चालक पुलिस हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय इटवा थाना पुलिस तुरंत बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभाला और दोनों शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
थाना इटवा प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया सड़क हादसे की सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की है। दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है और उसके चालक को भी हिरासत में ले लिया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस भीषण हादसे के बाद से मृतका के ससुराल और मायके दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
रामपुर: 4 साल जेल और 3 साल फरारी के बाद रामपुर लौटे पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर खान, घर पहुंचते ही भावुक हुआ परिवारhttps://t.co/SwNAr2HHpf
— Voice of News 24 (@VOfnews24) May 30, 2026






















