गोंडा: जिम ट्रेनर सूरज की आत्महत्या के 20 घंटे बाद होगा पोस्टमार्टम, मां के पहुंचने का था इंतजार; मोबाइल का लॉक तोड़ने में जुटी पुलिस

गोंडा

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में शुक्रवार दोपहर जिम ट्रेनर सूरज पटेल द्वारा फांसी लगाकर की गई आत्महत्या के मामले में आज (शनिवार) करीब 20 घंटे बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू होगी।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में शुक्रवार दोपहर जिम ट्रेनर सूरज पटेल द्वारा फांसी लगाकर की गई आत्महत्या के मामले में आज (शनिवार) करीब 20 घंटे बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू होगी। कल शुक्रवार को परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया था, क्योंकि वे बिहार से आ रही सूरज की मां का इंतजार कर रहे थे। मां के गोंडा पहुंचने के बाद अब डॉक्टरों की टीम शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम करेगी।

सुबह 4 बजे तक चला रहा था मोबाइल, दोपहर में मिला शव

परिजनों ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि सूरज पटेल शुक्रवार तड़के सुबह 4 बजे तक जाग रहा था और अपने मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था। इसके बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया, लेकिन दोपहर में उसका शव कमरे के भीतर फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना के बाद से ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

आईफोन का लॉक खोलने में जुटी सर्विलांस टीम

नगर कोतवाली पुलिस इस हाई-प्रोफाइल आत्महत्या के मामले में गहराई से तफ्तीश कर रही है। पुलिस ने मौके से सूरज का आईफोन (iPhone) बरामद कर जब्त कर लिया है। हालांकि, मोबाइल पर कड़ा सिक्योरिटी लॉक होने के कारण पुलिस अभी तक उसके डेटा को खंगाल नहीं पाई है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस अब सर्विलांस और साइबर टीम की मदद से फोन का लॉक तोड़ने का प्रयास कर रही है, ताकि मौत से पहले की कॉल डिटेल, चैट और सोशल मीडिया एक्टिविटी का पता लगाया जा सके।

नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि मृतक की मां के बिहार से आने की वजह से शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार ने अभी तक किसी पर कोई शक या विवाद की बात नहीं बताई है, लेकिन सूरज के मोबाइल फोन की जांच बेहद अहम है। मोबाइल का लॉक टूटने के बाद ही आत्महत्या की असली वजह और किसी भी प्रकार के मानसिक तनाव या उकसावे का सुराग मिल सकेगा। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर विधिक कार्रवाई कर रही है।

 

Voice Of News24