ठूठीबारी
महराजगंज जनपद के भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र ठूठीबारी में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी आगामी 5 जून दिन शुक्रवार को तृतीय श्री श्याम महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र ठूठीबारी में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी आगामी 5 जून दिन शुक्रवार को तृतीय श्री श्याम महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस बड़े धार्मिक आयोजन को लेकर ‘श्याम मित्र मंडली’ द्वारा तैयारियां युद्धस्तर पर तेज कर दी गई हैं।
श्याम प्रेमियों के लिए यह महोत्सव आस्था, भक्ति और अटूट विश्वास का अद्भुत संगम बनने जा रहा है। मित्र मंडली के सदस्यों ने अत्यंत उत्साह के साथ बताया कि, सभी श्याम भक्तों के इंतजार की घड़ियां अब समाप्त होने वाली हैं। इस बार भी भक्ति का वह पावन दरबार सजने जा रहा है, जहां हर हारी हुई बाजी बाबा श्याम की असीम कृपा से जीत में बदल जाती है।
प्रातःकाल निकलेगी भव्य निशान यात्रा
आयोजन समिति के मुताबिक, महोत्सव की ऐतिहासिक शुरुआत 5 जून की प्रातः ठीक 5:00 बजे श्री श्री राधा कृष्ण मंदिर से होगी, जहां से एक भव्य एवं विशाल ‘निशान यात्रा’ निकाली जाएगी। जय श्री श्याम और “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के गगनभेदी जयकारों के बीच श्रद्धालुओं की टोली पूरे नगर का भ्रमण करेगी। हाथों में बाबा का पावन निशान थामे श्रद्धालुओं की आस्था और चारों ओर का भक्तिमय माहौल पूरे ठूठीबारी नगर को श्याममय बना देगा।
शाम को सजेगा दरबार, होगी भजनों और इत्र की वर्षा
निशान यात्रा के पश्चात, इसी दिन शाम 5:00 बजे से भव्य ‘श्याम संध्या’ एवं इत्र वर्षा का मुख्य आयोजन शुरू होगा। बाबा श्याम के अलौकिक शृंगार के बीच भजनों की मधुर और कर्णप्रिय प्रस्तुतियों से श्रद्धालु पूरी तरह भक्तिरस में सराबोर होंगे।
गोंडा के सुप्रसिद्ध भजन गायक बिखेरेंगे सुरों का जादू
इस तृतीय महोत्सव को खास बनाने के लिए विशेष रूप से गोंडा की पावन धरती से सुप्रसिद्ध भजन गायिका दीपिका मिश्रा एवं विख्यात भजन गायक कुमार आदर्श को आमंत्रित किया गया है। दोनों ही कलाकार अपनी सुमधुर आवाज और बेहतरीन भक्तिमय प्रस्तुतियों से ठूठीबारी के श्याम प्रेमियों को झूमने पर मजबूर और भावविभोर करेंगे।
श्याम मित्र मंडली ने क्षेत्र के समस्त संभ्रांत नागरिकों, श्रद्धालुओं और श्याम भक्तों से अपील की है कि वे आगामी 5 जून को आयोजित होने वाले इस भव्य महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार पहुंचकर पुण्य के भागी बनें और बाबा का आशीर्वाद प्राप्त कर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
ब्यूरोक्रेसी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 9 वरिष्ठ पीसीएस (PCS) अधिकारियों के तबादले pic.twitter.com/asztCxsxnf
— Voice of News 24 (@VOfnews24) May 29, 2026























