औरैया: सूरजपुर बिधूना में बुजुर्ग महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद, लूटपाट के बाद हत्या की आशंका, बक्से व अलमारी के टूटे मिले ताले

औरैया

औरैया कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सूरजपुर मोहल्ले में बुधवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव उनके ही घर के भीतर संदिग्ध हालात में कुर्सी पर पड़ा मिला। मृतका के शरीर और गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए हैं।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

औरैया कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सूरजपुर मोहल्ले में बुधवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव उनके ही घर के भीतर संदिग्ध हालात में कुर्सी पर पड़ा मिला। मृतका के शरीर और गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए हैं। वहीं, घर के अंदर अलमारी और बक्से के ताले टूटे मिलने से स्थानीय स्तर पर लूटपाट का विरोध करने के दौरान हत्या किए जाने की प्रबल आशंका जताई जा रही है।

देर रात तक दरवाजा न खुलने पर पड़ोसियों को हुआ शक

मृतका की पहचान संतोष कुमारी पत्नी स्वर्गीय ओमप्रकाश के रूप में हुई है। वह घर में अकेली रहती थीं। उनका एक बेटा मध्य प्रदेश के विदिशा में रहता है, जबकि दूसरे बेटे का पहले ही देहांत हो चुका है। बुधवार को दिनभर संतोष कुमारी के बाहर न आने और देर रात तक घर का मुख्य दरवाजा बंद रहने पर पड़ोसियों को किसी अनहोनी का शक हुआ। जब लोग किसी तरह घर के भीतर दाखिल हुए, तो अंदर का खौफनाक मंजर देखकर दंग रह गए। बुजुर्ग महिला का लहूलुहान शव अंदर पड़ा हुआ था।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, जांच में जुटे आला अधिकारी

घटना की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस बल के साथ फोरेंसिक टीम फील्ड यूनिट तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स और अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि घटना की वजह और आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।

जांच के हर पहलू पर पुलिस की नजर: एसपी

घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि थाना बिधूना के अंतर्गत एक वृद्ध महिला का शव घर के भीतर मिला है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घर का मुख्य गेट बाहर से बंद था, जबकि अन्य दरवाजे अंदर से बंद थे। फील्ड यूनिट को बारीकी से साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मौत का सटीक कारण अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Voice Of News 24