रामपुर में औषधि विभाग और पुलिस का बड़ा एक्शन, 500 कोडीन सिरप के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

रामपुर

रामपुर जनपद में अवैध नशीली दवाओं के काले कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने एक बड़ी सफलता हासिल की है।  पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

रामपुर जनपद में अवैध नशीली दवाओं के काले कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। औषधि विभाग और थाना सैफनी पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात बिलारी-सैफनी रोड पर घेराबंदी कर 500 बोतल प्रतिबंधित कोडीन सिरप बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। बरामद सिरप की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार और सैफनी पुलिस की टीम रात में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि बिना किसी वैध दस्तावेजों के नशीली दवाओं की एक बड़ी खेप का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने बिलारी-सैफनी रोड पर जाल बिछाया और संदिग्धों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान फहीम और जुबेर के रूप में हुई है, जो मुरादाबाद जनपद के बिलारी के रहने वाले हैं। तलाशी लेने पर उनके पास से पांच पेटियों में भरी 500 बोतल कोडीन सिरप बरामद हुई।

औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि पकड़े गए तस्करों के खिलाफ थाना कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बरामद दवाओं को सीज कर उनके सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं, रिपोर्ट आने के बाद ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट-1940 के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने मंगलवार दोपहर प्रेस वार्ता में इस संयुक्त कार्रवाई की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह साफ है कि यह नशीली दवाएं पूरी तरह अवैध रूप से सप्लाई की जा रही थीं। पुलिस इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां खपाया जाना था। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

 

Voice Of News 24 

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.