मुरादाबाद में प्रेम प्रसंग के चलते युवक ने पिया पेट्रोल, हालत गंभीर

मुरादाबाद

मुरादाबाद जनपद के बंगला गांव में प्रेम प्रसंग से आहत होकर एक युवक द्वारा पेट्रोल पीकर आत्महत्या का प्रयास करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


मुरादाबाद जनपद के बंगला गांव में प्रेम प्रसंग से आहत होकर एक युवक द्वारा पेट्रोल पीकर आत्महत्या का प्रयास करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, बंगला गांव निवासी विशाल एक युवती से प्रेम करता था। युवक की मां कंचन ने बताया कि उनका बेटा पिछले काफी समय से मानसिक तनाव से जूझ रहा था। मां का आरोप है कि जब भी युवती शादी के लिए हां कहती तो विशाल सामान्य रहता था, लेकिन शादी से इनकार करने पर वह गहरे अवसाद में चला जाता और आत्मघाती कदम उठाने की बात करता था। विशाल अक्सर अपनी मां से कहता था कि उक्त युवती ने उसकी जिंदगी खराब कर दी है।

परिजनों के मुताबिक, घटना के दिन भी विशाल इसी बात को लेकर बेहद परेशान था और मानसिक तनाव के चलते उसने घर में रखा पेट्रोल पी लिया। युवक की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों ने उसकी बिगड़ती हालत देख तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया।

पीड़ित मां ने युवती के परिवार पर भी ढिलाई बरतने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लड़की के परिजन अपनी बेटी पर कोई रोक-टोक नहीं लगाते थे, जिसके कारण उनका बेटा लगातार प्रताड़ित हो रहा था। इस पूरे मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में लिखित तहरीर नहीं दी गई है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में है, पीड़ित पक्ष से शिकायत मिलते ही जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Voice Of News 24