डिबाई (बुलंदशहर)
बुलंदशहर जनपद के डिबाई ब्लॉक स्थित ग्राम सूरजपुर मखैना में गांव के बीचों-बीच बह रही रजबहा नहर विभागीय लापरवाही और स्थानीय दुकानदारों की मनमानी के कारण गंदगी का टापू बन चुकी है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के डिबाई ब्लॉक स्थित ग्राम सूरजपुर मखैना में गांव के बीचों-बीच बह रही रजबहा नहर विभागीय लापरवाही और स्थानीय दुकानदारों की मनमानी के कारण गंदगी का टापू बन चुकी है। नहर में खुलेआम फेंके जा रहे कूड़े-कचरे और खतरनाक मेडिकल वेस्ट के कारण ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है। आक्रोशित ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन से गुहार लगाते हुए नहर की तत्काल साफ-सफाई कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
नहर में फेंका जा रहा है जानलेवा मेडिकल कचरा
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के घरों की गंदगी के साथ-साथ स्थानीय मेडिकल स्टोरों और कथित डॉक्टरों की दुकानों का कूड़ा-कचरा, कांच की नुकीली शीशियां और इस्तेमाल की गई सुइयां खुलेआम नहर में बहाई जा रही हैं। इस जानलेवा कचरे के कारण ग्रामीणों को अपने पशुओं को पानी पिलाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांच और सुइयों की वजह से मवेशियों के चुटैंल और बीमार होने का खतरा हमेशा बना रहता है।
अस्तित्व खोता ऐतिहासिक घाट, पशुओं के पानी पर संकट
बुजुर्ग ग्रामीणों ने मायूसी जताते हुए बताया कि एक समय ऐसा था जब पूरा गांव अपने पशुओं को इसी रजबहा नहर पर पानी पिलाने लाता था। यहां बना पक्का घाट महिलाओं के कपड़े धोने और ग्रामीणों के दैनिक उपयोग का प्रमुख केंद्र हुआ करता था। लेकिन आज अधिकारियों की अनदेखी के चलते इस नहर की हालत बद से बदतर हो चुकी है और इसका पानी पूरी तरह दूषित हो गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार
नहर की दुर्दशा से त्रस्त ग्रामवासी सत्येंद्र सिंह, नागेश, दिनेश ठाकुर, रामेश्वर दयाल, जितेंद्र सिंह, मनोज कुमार पुंडीर, रणजीत सिंह, रामप्रसाद बघेल, धर्मवीर लोधी, विजेंद्र फौजी, अनिल बघेल और रामबाबू बघेल सहित दर्जनों लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गंदगी फेंकने वाले लापरवाह लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि नहर का अस्तित्व बच सके।
शिकायत दर्ज, जल्द होगी सख्त कार्रवाई: जूनियर इंजीनियर
मामला तूल पकड़ने के बाद विभागीय अधिकारी भी हरकत में आए हैं। इस विषय पर जूनियर इंजीनियर विनोद कुमार ने कहा कि ग्रामीणों की शिकायत को बेहद गंभीरता से लिया गया है। जांच कराकर जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। विभाग से जुड़े सहायक सुनील कुमार एवं अवर अभियंता राजेंद्र कुमार भी पूरे मामले की निगरानी में लगे हुए हैं।
प्रधान के प्रशासन बनने का आदेश जारी !! pic.twitter.com/PAyDatvl9l
— Voice of News 24 (@VOfnews24) May 25, 2026























