बागपत:पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ की सिंह गर्जना से गूंजी बड़ौत की धरती, ‘सनातन जागृति शंखनाद’ में उमड़ा जनसैलाब

बड़ौत (बागपत)

बागपत जनपद में सनातन धर्म प्रचारिणी महासभा एवं विश्व हिंदू महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में बड़ौत की ऐतिहासिक धरती पर भव्य ‘सनातन जागृति शंखनाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बागपत जनपद में सनातन धर्म प्रचारिणी महासभा एवं विश्व हिंदू महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में बड़ौत की ऐतिहासिक धरती पर भव्य ‘सनातन जागृति शंखनाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे देश के प्रखर हिंदू विचारक और ओजस्वी वक्ता पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ की सिंह गर्जना से पूरा पांडाल गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा भगवान श्री राम, योगेश्वर भगवान श्री कृष्ण और भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान गुरुकुल के बटुकों द्वारा लगातार 11 शंखों के माध्यम से किए गए महा-शंखनाद ने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक और ऊर्जावान बना दिया।

देश सेकुलर है, तो कानून भी एक होना चाहिए: पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ

मुख्य वक्ता पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ ने अपने संबोधन में हिंदुओं की एकजुटता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश में एक समान व्यवस्था होनी चाहिए। आज विडंबना यह है कि देश सेकुलर होने के बावजूद हिंदू मंदिरों का पैसा सरकार ले लेती है, जबकि चर्च और मस्जिदों का पैसा उनके पास सुरक्षित रहता है। यह भेदभाव बंद होना चाहिए और मंदिरों का पैसा मंदिरों के पास ही रहना चाहिए।

उन्होंने देश की भूमि संपदा का जिक्र करते हुए कहा कि आज भारत में तीसरे नंबर की सबसे बड़ी जमीन वक्फ बोर्ड के पास है, जबकि 80 फीसदी आबादी वाले हिंदुओं के पास उसकी अपेक्षा बहुत कम जमीन है। उन्होंने आह्वान किया, “अपने जीवन को नेताओं के रहमों-करम पर न छोड़ें। सनातनी खुद को इतना मजबूत और संगठित करें कि सरकार आपकी बात सुनने को मजबूर हो जाए। अपनी संस्कृति पर गर्व करें और दिन में कम से कम पांच बार पूरे गर्व से ‘वंदे मातरम’ का उद्घोष करें।”

प्रमुख अतिथियों ने भी रखी अपनी बात

महंत सुरेंद्र नाथ अवधूत (राष्ट्रीय अध्यक्ष, विश्व हिंदू महासंघ): कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महंत जी ने दो टूक शब्दों में कहा कि हमें अब जातियों में बिल्कुल नहीं बंटना है। उन्होंने कड़ा संदेश देते हुए कहा, न जातियों में बंटना है, न कटना है। अगर हम बंटेंगे तो कटेंगे।

एडवोकेट हरिशंकर जैन (वरिष्ठ अधिवक्ता)

अस्वस्थता के चलते उन्होंने ज़ूम ऐप के माध्यम से वर्चुअली जुड़कर अपनी बात रखी। उन्होंने सनातनियों से एक-दूसरे का संबल बनने की अपील की और कहा कि अपनी भावी पीढ़ी और बच्चों को ‘लव जिहाद’ जैसी कुप्रथाओं से बचाना बेहद जरूरी है।

कपिल शर्मा (सचिव, श्री कृष्ण जन्मभूमि)

मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कपिल शर्मा ने गोवंश की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा,भगवान श्रीकृष्ण ने सदैव गौ माता की पूजा कर उन्हें सर्वोच्च स्थान दिया। आज कलयुग में हम हिंदू खुद गोवंश को सड़कों पर छुट्टा छोड़ रहे हैं, जिसके कारण उन्हें ‘आवारा’ कहा जा रहा है। इसके दोषी कोई और नहीं, बल्कि हम स्वयं हैं।

ये प्रमुख हस्तियां रहीं उपस्थित

इस विशाल सनातन सभा की रूपरेखा के बारे में डॉ. दीपक गौतम ने विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम की शुरुआत में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री के.पी. मलिक ने पहुंचकर संतों और अतिथियों का आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर बबीता तोमर (अध्यक्ष प्रतिनिधि के रूप में डॉ. वरुण तोमर), भाजपा जिला अध्यक्ष नीरज शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता सुधीर मान, नगर पालिका सदस्य अमित राठी, संजय गुप्ता, ब्रह्म सिंह गोयल, मंसाराम गर्ग, कालीचरण शर्मा, वैभव राजपूत और डॉ. दिव्या उज्जवल सहित भारी संख्या में सनातन धर्मावलंबी और प्रबुद्ध जन मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गान के साथ गरिमापूर्ण तरीके से हुआ।

 

Voice Of News 24