सिद्धार्थनगर में ड्यूटी से लौट रहे युवा स्वास्थ्यकर्मी की संदिग्ध मौत, नहर में शव के ऊपर मिली बाइक, किनारे पड़ा था मोबाइल

सिद्धार्थनगर

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक माइनर नहर में एक युवा स्वास्थ्यकर्मी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक माइनर नहर में एक युवा स्वास्थ्यकर्मी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटनास्थल की अजीबोगरीब स्थिति को देखकर क्षेत्र में तरह-तरह की आशंकाएं और गहरी साजिश के कयास लगाए जा रहे हैं।

रात को मेडिकल कॉलेज से ड्यूटी कर घर के लिए निकले थे प्रभुनाथ

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान प्रभुनाथ गौतम उम्र लगभग 26 वर्ष, पुत्र जयराम गौतम, निवासी धूसरी खुर्द (थाना चिल्हिया) के रूप में हुई है। प्रभुनाथ माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज में मल्टी पर्पज हेल्थ वर्कर के पद पर तैनात थे। शनिवार रात करीब 10:00 बजे वह मेडिकल कॉलेज से अपनी ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर के लिए रवाना हुए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचे।

कपिया गांव के पास नहर में मिला शव, परिस्थितियों ने खड़ा किया बड़ा रहस्य

रविवार सुबह थाना सदर और थाना चिल्हिया क्षेत्र की सीमा पर स्थित ग्राम कपिया के पास से गुजरने वाली नवगढ़ माइनर नहर में ग्रामीणों ने एक शव देखा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटनास्थल का नजारा बेहद चौंकाने वाला था

शव के ऊपर थी बाइक: प्रभुनाथ का शव नहर के पानी में पड़ा था और ताज्जुब की बात यह थी कि उनकी मोटरसाइकिल भी ठीक शव के ऊपर गिरी हुई थी।

सुरक्षित दूरी पर था मोबाइल: मृतक का मोबाइल फोन नहर के पानी में गिरने के बजाय, बाहर सड़क के किनारे सुरक्षित पड़ा हुआ मिला।

चेहरे पर चोट के निशान: स्थानीय लोगों और परिजनों का दावा है कि मृतक के चेहरे पर दोनों तरफ गहरे जख्म या चोट जैसे निशान दिखाई दे रहे थे, जो किसी हादसे से मेल नहीं खाते।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी

सनसनीखेज मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव और मोटरसाइकिल को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को कब्जे में लिया और मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए पोार्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की टीमें मामले की बारीकी से तफ्तीश कर रही थीं।

इकलौता कमाऊ बेटा खोने से परिवार में कोहराम, मेडिकल स्टाफ स्तब्ध

परिजनों ने रोते हुए बताया कि 26 वर्षीय प्रभुनाथ अभी अविवाहित थे और अपने परिवार के होनहार व कमाऊ सदस्य होने के नाते पूरे घर की बड़ी उम्मीद थे। उनके अचानक चले जाने से माता-पिता और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों और क्षेत्रीय स्वास्थ्य कर्मियों में भी इस रहस्यमय मौत को लेकर गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हटेगा रहस्य का पर्दा: फिलहाल पुलिस प्रशासन ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आधिकारिक तौर पर कोई अंतिम बयान जारी नहीं किया है। यह मामला महज़ एक अनियंत्रित बाइक का सड़क हादसा है या इसके पीछे कोई सोची-समझी खूनी साजिश, इसका पूरा सच पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिसिया सर्विलांस की जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.