बुलंदशहर: रिश्तेदारों के बीच खूनी संघर्ष का वीडियो वायरल; पुलिस ने मनीष और चेतन को किया चिन्हित, गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित

खानपुर

बुलंदशहर जनपद के थाना खानपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुरावली में आपसी विवाद को लेकर रिश्तेदारों के बीच हुई मारपीट का एक लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के थाना खानपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुरावली में आपसी विवाद को लेकर रिश्तेदारों के बीच हुई मारपीट का एक लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो का संज्ञान लेते हुए बुलंदशहर पुलिस तत्काल हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले दो मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली है। पीड़ित की तहरीर पर खानपुर थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, अंकित शर्मा को पीटते दिखे आरोपी

प्राप्त जानकारी के अनुसार बताते चले की वायरल वीडियो में कुछ युवक एक युवक को लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने जब इस वायरल वीडियो की तकनीकी जांच की, तो पता चला कि यह घटना खानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गुरावली की है। वीडियो में दिख रहे पीड़ित युवक की पहचान गांव के ही अंकित शर्मा के रूप में हुई। घटना के बाद पीड़ित अंकित शर्मा ने अपने साथ हुई इस बर्बरता को लेकर स्थानीय थाने में लिखित तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज की।

खानपुर थाना पुलिस द्वारा की गई शुरुआती तफ्तीश और स्थानीय लोगों से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि यह पूरा विवाद किसी पुरानी रंजिश या पारिवारिक कलह के कारण उपजा है। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित अंकित शर्मा और उसके साथ मारपीट करने वाले युवक आपस में करीबी रिश्तेदार ही हैं। वीडियो फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर हमलावर युवकों की पहचान गुरावली गांव के ही निवासी मनीष शर्मा और चेतन शर्मा के रूप में सुनिश्चित की गई है।

घटना के संबंध में आधिकारिक जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी स्याना रामकरन ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर आरोपियों को नामजद कर लिया गया है। कानून को हाथ में लेने वाले और क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस का कड़ा रुख है। सीओ ने बताया कि मनीष और चेतन की त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए खानपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उन्होंने दावा किया कि दोनों आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजकर सख्त वैधानिक व दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

 

 

Voice Of News 24