जहांगीराबाद
बुलंदशहर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ द्वारा आयोजित लेखपाल मुख्य परीक्षा प्रा०अ०प०-2025)/01 के दौरान बुलंदशहर जनपद में एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ द्वारा आयोजित लेखपाल मुख्य परीक्षा प्रा०अ०प०-2025)/01 के दौरान बुलंदशहर जनपद में एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। परीक्षा में पूरी पारदर्शिता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए की जा रही बायोमैट्रिक जांच के दौरान एक शातिर ‘सॉल्वर’ (दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने वाला) रंगे हाथों दबोचा गया। आरोपी असली छात्र के स्थान पर परीक्षा कक्ष में बैठकर पेपर दे रहा था। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली जहांगीराबाद में प्राथमिकी दर्ज कराकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
बायोमैट्रिक मिलान न होने पर खुली मुन्नाभाई की पोल
पूरा मामला जहांगीराबाद स्थित शिवकुमार अग्रवाल जनता इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का है। परीक्षा के दौरान आयोग द्वारा नामित कार्यदायी संस्था की टीम जब परीक्षार्थियों का बायोमैट्रिक निरीक्षण कर रही थी, तब कक्ष संख्या 22 में सीट पर बैठे छात्र राहुल कुमार अनुक्रमांक 12147644 की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं।
संस्थान और स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने तत्काल इसका संज्ञान लेते हुए मामले की रिपोर्ट और डेटा यूपी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को भेजा। आयोग से जब संबंधित छात्र की त्वरित जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई, तो उसमें आधार बायोमैट्रिक मिसमैच पाया गया। कड़ाई से की गई पड़ताल में यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया कि असली परीक्षार्थी राहुल कुमार के स्थान पर एक अन्य सॉल्वर युवक योगेश कुमार पुत्र लेजम सिंह, निवासी सलीमपुर करखा, फिरोजाबाद, तहसील शिकोहाबाद परीक्षा दे रहा था।
मजिस्ट्रेट की मुस्तैदी: दर्ज हुई एफआईआर, आरोपी पुलिस कस्टडी में
फर्जीवाड़े की पुष्टि होते ही परीक्षा केंद्र पर हड़कंप मच गया। केंद्र पर मुस्तैदी से तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने तुरंत विधिक कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी योगेश कुमार के खिलाफ परीक्षा अधिनियम और धोखाधड़ी की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की कागजी कार्रवाई की गई। इसके बाद आरोपी को थाना कोतवाली जहांगीराबाद के प्रभारी निरीक्षक के सुपुर्द कर दिया गया ताकि इस रैकेट के पीछे शामिल अन्य चेहरों और असली छात्र राहुल कुमार के खिलाफ अग्रिम विधिक व दंडात्मक कार्रवाई की जा सके।
बुलंदशहर में 20 केंद्रों पर रही परीक्षा, 80.26 प्रतिशत रही उपस्थिति
जिला प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर जनपद में लेखपाल मुख्य परीक्षा के सफल संचालन के लिए कुल 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की जा रही थी और सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
इस मुख्य परीक्षा के लिए जनपद में कुल 8,856 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। आंकड़ों के मुताबिक, परीक्षा में कुल 7,108 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 1,748 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। बुलंदशहर जनपद में परीक्षा का कुल उपस्थिति प्रतिशत 80.26% दर्ज किया गया। अधिकारियों का कहना है कि इस मुस्तैद सुरक्षा और बायोमैट्रिक तकनीक के कारण ही परीक्षा में सेंध लगाने की कोशिश कर रहा सॉल्वर समय रहते दबोच लिया गया।
सिद्धार्थनगर: दीवानी न्यायालय परिसर की दुकानों और वाहन स्टैंड के ठेकों की नीलामी 29 मई कोhttps://t.co/sjIhrohTyi
— Voice of News 24 (@VOfnews24) May 21, 2026























