लखनऊ में 12 से 14 जून तक सजेगा भारतीय किसान संघ का महामंथन; पूरे यूपी के पदाधिकारी होंगे शामिल, तय हुआ एजेंडा

लखनऊ

भारतीय किसान संघ उत्तर प्रदेश की वार्षिक ‘प्रदेश प्रतिनिधि सभा’ का भव्य आयोजन इस बार देश और प्रदेश की राजनीति के केंद्र लखनऊ में होने जा रहा है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

भारतीय किसान संघ उत्तर प्रदेश की वार्षिक ‘प्रदेश प्रतिनिधि सभा’ का भव्य आयोजन इस बार देश और प्रदेश की राजनीति के केंद्र लखनऊ में होने जा रहा है। आगामी 12 जून से शुरू होकर 14 जून 2026 तक चलने वाले इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तर के समागम के लिए लखनऊ के हरदोई रोड स्थित ‘राज्य कृषि प्रबंध संस्थान, रहमान खेड़ा को आधिकारिक स्थल तय किया गया है। इस बैठक में उत्तर प्रदेश के सभी जिलों से शीर्ष किसान नेता और पदाधिकारी शामिल होकर किसानों के मुद्दों पर हुंकार भरेंगे।

इन पदाधिकारियों की उपस्थिति रहेगी अनिवार्य, जमा होगा शुल्क

भारतीय किसान संघ के शीर्ष नेतृत्व द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों के अनुसार, इस प्रदेश प्रतिनिधि सभा में उत्तर प्रदेश एवं विभिन्न प्रांतों की कार्यकारिणी के सदस्य, प्रांतों में निवासरत अखिल भारतीय अधिकारी, सभी संगठन मंत्री सहित प्रदेश के सभी जिला-स्तरीय अध्यक्ष, जिला मंत्री और कोषाध्यक्षों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का कड़ा निर्देश दिया गया है। बैठक में शामिल होने वाले प्रत्येक प्रतिनिधि को 100 रुपये का पंजीकरण शुल्क प्रांत को जमा करना होगा। संघ ने सभी प्रांत व जिला इकाइयों से अपने-अपने जिलों की 100 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की है।

आगामी वर्ष का लक्ष्य होगा निर्धारित, इन मुद्दों पर होगा मुख्य मंथन

तीन दिनों तक चलने वाले इस महामंथन में पिछले वर्षों के दौरान संगठन द्वारा किए गए कार्यों की जमीनी समीक्षा की जाएगी और आगामी वर्ष के लिए नए संगठनात्मक लक्ष्यों का निर्धारण होगा। सभा को रचनात्मक और परिणामोन्मुखी बनाने के लिए सभी प्रांत और जिलों से निम्नलिखित विवरण साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं:

विशेष वृत व प्रयोग: जिलों में कृषि और किसानों के हित में किए गए विशेष कार्यों, नवीन प्रयोगों और सफल आंदोलनों का लिखित विवरण।

संगठनात्मक दस्तावेज: प्रांतीय महामंत्री व संगठन मंत्रियों को प्रांतीय अधिकारी प्रवास रिपोर्ट, 9 सितम्बर 2025 को मनाए गए ‘ज्ञापन दिवस’ कार्यक्रम की रूपरेखा, प्रशिक्षण वर्ग और सदस्यता वृत का आधिकारिक पत्रक लाना होगा।

ग्राम विकास की सूची: सबसे महत्वपूर्ण बिंदु के तहत सभी जिला अध्यक्ष और जिला मंत्री अपने-अपने विकास खंडों (ब्लॉक) में संगठन द्वारा गोद लिए गए 5-5 आदर्श ग्रामों (गांवों) की सूची और वहां हुए विकास कार्यों का ब्योरा प्रस्तुत करेंगे।

इसके अतिरिक्त, महामंत्री प्रतिवेदन को समृद्ध बनाने के लिए विभिन्न प्रांतों की विशेष गतिविधियों का लिखित विवरण, छायाचित्र (फोटोग्राफ्स) और समाचार पत्रों की कटिंग प्रदेश कार्यालय को जल्द से जल्द भेजने को कहा गया है। बैठक के शुरुआती सत्र में गत प्रदेश अधिवेशन (लखनऊ) के पश्चात दिवंगत हुए समर्पित कार्यकर्ताओं व किसान नेताओं को श्रद्धांजलि देकर उनकी जानकारी भी साझा की जाएगी।

यातायात और समयबद्धता को लेकर कार्यकर्ताओं से अपील

चूंकि चारबाग रेलवे स्टेशन (लखनऊ) से कार्यक्रम स्थल रहमान खेड़ा, हरदोई रोड की दूरी लगभग 25 किलोमीटर है और सामान्य यातायात में वहां तक पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लगता है, इसलिए संघ ने सभी कार्यकर्ताओं से समयबद्धता का पालन करने का अनुरोध किया है।

अपील की गई है कि सभी पदाधिकारी 12 जून को दोपहर के भोजन से पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के हिसाब से ही अपना यात्रा आरक्षण (रेलवे/बस टिकट) सुनिश्चित कराएं। इसके साथ ही, प्रदेश कार्यकारिणी के सभी सदस्य 12 जून की प्रातःकाल ही अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के अनुसार अपनी यात्रा प्लान करें। कार्यकर्ताओं की सुविधा के लिए चारबाग रेलवे स्टेशन से कार्यक्रम स्थल रहमान खेड़ा तक विशेष बस और कार की व्यवस्था संगठन द्वारा उपलब्ध रहेगी।

 

Voice Of News 24