सिद्धार्थनगर: इटवा में हाई वोल्टेज ड्रामा; हादसे में मृत ठेला चालक की पत्नी न्याय के लिए चढ़ी पानी की टंकी पर, पुलिस के आश्वासन पर उतरी नीचे

इटवा/डुमरियागंज

सिद्धार्थनगर जनपद के इटवा थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर स्थित राप्ती सेतु पर हुए सड़क हादसे में घायल ठेला चालक की मौत के बाद शनिवार को शाहपुर इलाके में उस समय भारी अफरा-तफरी मच गई, जब मृतक की पत्नी न्याय की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के इटवा थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर स्थित राप्ती सेतु पर हुए सड़क हादसे में घायल ठेला चालक की मौत के बाद शनिवार को शाहपुर इलाके में उस समय भारी अफरा-तफरी मच गई, जब मृतक की पत्नी न्याय की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला का आरोप था कि पति की मौत के बाद भी पुलिस आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों द्वारा एक आरोपी को हिरासत में लेने और जल्द कार्रवाई के आश्वासन के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा जा सका।

क्या था पूरा मामला?

यह दर्दनाक घटना बीते 4 मार्च 2026 की रात शाहपुर स्थित राप्ती नदी के पुल पर हुई थी। वहाँ एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल और ठेले के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर ठेला चालक मानिक राम उर्फ महिनकू (43 वर्ष) गंभीर रूप से झुलस गए थे। हादसे में बाइक चालक बबलू निषाद भी घायल हुआ था। मानिक राम का इलाज लखनऊ मेडिकल कॉलेज में चल रहा था, जहां जिंदगी और मौत से लड़ते हुए गत 14 मार्च की रात उन्होंने दम तोड़ दिया था।

मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाता था मृतक

मृतक मानिकराम नगर पंचायत डुमरियागंज के शाहपुर (अंबेडकर नगर) के निवासी थे। वे ठेले पर कुल्फी, फालूदा और भूजा बेचकर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत के बाद से ही परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। मृतक की पत्नी राधा ने पुलिसिया कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के कई दिनों बाद पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज किया, लेकिन मुख्य आरोपियों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई।

कार्रवाई न होने से नाराज महिला टंकी पर चढ़ी, प्रशासन में मचा हड़कंप

शनिवार को न्याय की आस में पीड़ित पत्नी राधा पहले डुमरियागंज थाने और फिर शाहपुर पुलिस चौकी पहुंचीं। वहाँ कोई संतोषजनक जवाब न मिलने और आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से क्षुब्ध होकर वे अंबेडकर पार्क शाहपुर में स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गईं। महिला ने रोते-बिलखते हुए चेतावनी दी कि जब तक उनके पति के हत्यारे गिरफ्तार नहीं होते, वे नीचे नहीं उतरेंगी।

महिला के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही इटवा और डुमरियागंज थाने की पुलिस टीम में हड़कंप मच गया। मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए तहसीलदार रवि यादव, कोतवाल श्रीप्रकाश यादव और चौकी इंचार्ज विनय प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से महिला को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी ‘कल्लू’ को हिरासत में ले लिया और दूसरे आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी का लिखित भरोसा दिया। इसके बाद महिला शांत हुई और उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया।

 

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.