बुलंदशहर: एक्सप्रेस-वे प्रभावित किसानों को बड़ी राहत, सर्किल रेट बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू

बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के गंगा ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना से प्रभावित होने वाले किसानों के लिए मंगलवार का दिन बड़ी खुशखबरी लेकर आया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के गंगा ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना से प्रभावित होने वाले किसानों के लिए मंगलवार का दिन बड़ी खुशखबरी लेकर आया। जिला प्रशासन ने एक्सप्रेस-वे की जद में आने वाले गांवों के सर्किल रेट पुनरीक्षण बढ़ाने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब अधिग्रहीत भूमि का मुआवजा नए और बढ़े हुए रेट के आधार पर तय होगा।

जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने कलेक्ट्रेट सभागार में किसान प्रतिनिधियों और राजस्व अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रभावित गांवों का विस्तृत सर्वे कर सर्किल रेट बढ़ाने का प्रस्ताव तत्काल तैयार किया जाए। जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि मुआवजे के मामले में किसी भी किसान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर एक्शन

बता दें कि हाल ही में किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर सर्किल रेट की विसंगतियों को दूर करने की मांग की थी। मुख्यमंत्री के कड़े निर्देश के बाद प्रशासन ने इस दिशा में कार्रवाई तेज की है। क्षेत्रीय खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह भी लंबे समय से किसानों की इस मांग की पैरवी कर रही थीं, जिनके प्रयासों के बाद अब किसानों को भूमि का उचित मूल्य मिलने का रास्ता साफ हो गया है। प्रशासन के इस कदम से किसानों में खुशी की लहर है।

 

Voice Of News 24