महराजगंज: पुलिया के नीचे मिला युवक का शव, शरीर पर चोट के निशान देख परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

महराजगंज  

महराजगंज जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर देउरवा मार्ग पर सोमवार सुबह एक युवक का शव पुलिया के नीचे मिलने से सनसनी फैल गई। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर देउरवा मार्ग पर सोमवार सुबह एक युवक का शव पुलिया के नीचे मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लक्ष्मीपुर देउरवा टोला पिपरिया निवासी 35 वर्षीय हकामुद्दीन के रूप में हुई है, जो रविवार रात से लापता था।

देर रात घर से निकला था मृतक

परिजनों के अनुसार, हकामुद्दीन रविवार रात करीब 10 बजे भोजन करने के बाद घर से बाहर निकला था। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने सोचा कि वह आसपास ही होगा, लेकिन सोमवार सुबह ग्रामीणों ने पिपरिया के पास एक पुलिया के नीचे उसका शव देखा। शव मिलने की सूचना पर ग्राम प्रधान ने तत्काल भिटौली पुलिस को सूचित किया।

हत्या की आशंका और फॉरेंसिक जांच

मृतक के शरीर पर कई जगह गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिसे देख परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। हकामुद्दीन की पत्नी सरवर जहां ने पुलिस को बताया कि उनके पति की जानबूझकर हत्या की गई है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम और थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।

तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाला हकामुद्दीन अपने दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता का आठ साल पहले निधन हो चुका है और अब उसकी तीन छोटी बेटियों के सिर से भी पिता का साया उठ गया है। इस घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।

पुलिस की कार्रवाई

थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा, जिसके आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Voice Of News 24