बुलंदशहर: स्कूल से संदिग्ध परिस्थितियों में दो छात्र लापता; परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका, अपहरण का मुकदमा दर्ज

अहार

बुलंदशहर जनपद के थाना अहार क्षेत्र के ग्राम नगला नलू से दो नाबालिग छात्रों के अचानक लापता होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के थाना अहार क्षेत्र के ग्राम नगला नलू से दो नाबालिग छात्रों के अचानक लापता होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। दोनों छात्र स्कूल गए थे, लेकिन छुट्टी के बाद घर वापस नहीं लौटे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर बच्चों की तलाश तेज कर दी है।

क्लास के दौरान ही कहीं चले गए छात्र

जानकारी के अनुसार, ग्राम नगला नलू निवासी कनिष्ठ सिंह का 13 वर्षीय पौत्र सुमित कुमार और उसका साथी पियूष उर्फ प्रवीन (12 वर्ष) क्षेत्र के ही शिकोई इंटर कॉलेज में पढ़ाई करते हैं। बुधवार को दोनों बच्चे रोजाना की तरह स्कूल गए थे, लेकिन क्लास के दौरान ही वे संदिग्ध परिस्थितियों में कहीं चले गए। शाम तक जब दोनों घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की, पर कोई सुराग नहीं मिला।

पुलिस ने दर्ज किया केस, हुलिया किया जारी

परिजनों की तहरीर पर अहार पुलिस ने मु0अ0सं0 64/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपहरण का मामला दर्ज किया है। मामले की विवेचना उप निरीक्षक दिनेश कुमार मलिक को सौंपी गई है। पुलिस ने लापता बच्चों का हुलिया जारी करते हुए आमजन से सहयोग की अपील की है.

पियूष उर्फ प्रवीन: उम्र 12 वर्ष, कद 4 फुट 7 इंच, पतला शरीर, लंबा चेहरा (पीली टी-शर्ट पहने हुए)।

सुमित कुमार: उम्र 13 वर्ष, कद 4 फुट 8 इंच, लंबा चेहरा (हरे रंग की हुडी पहने हुए)।

तलाश में जुटी पुलिस की कई टीमें

पुलिस ने बच्चों की जानकारी ‘trackthemissingchild’ वेबसाइट और डीसीआरबी पोर्टल पर भी अपलोड कर दी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, आसपास के इलाकों और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी को भी इन बच्चों के बारे में कोई जानकारी मिले, तो तत्काल थाना अहार को सूचित करें।

 

 

Voice Of News 24