सिद्धार्थनगर: आर्केस्ट्रा देखने गए 14 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत,खेत में मिला शव, तीन युवकों पर हत्या का आरोप

मोहाना

सिद्धार्थनगर जनपद के मोहाना थाना क्षेत्र स्थित मुहाना चौक पर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 14 वर्षीय किशोर का शव घर से कुछ ही दूरी पर संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के मोहाना थाना क्षेत्र स्थित मुहाना चौक पर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 14 वर्षीय किशोर का शव घर से कुछ ही दूरी पर संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान मोहम्मद सगीर के रूप में हुई है। परिजनों ने गांव के ही तीन युवकों पर हत्या कर शव फेंकने का संगीन आरोप लगाया है।

आर्केस्ट्रा देखने गया था किशोर, फिर नहीं लौटा

मृतक सगीर के पिता कलीमुल्लाह और उसके भाई ने बताया कि गांव में आर्केस्ट्रा का कार्यक्रम चल रहा था, जिसे देखने के लिए सगीर भी गया था। रात करीब 12:00 बजे तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की। पहले घंटी बजी, फिर कॉल इंगेज हो गई और अंत में मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। परिजनों ने सोचा कि शायद प्रोग्राम देर तक चलने के कारण वह सुबह लौटेगा।

खेत में मिला चोटों से लथपथ शव

सुबह तक घर न लौटने पर परिजनों ने सगीर की तलाश शुरू की। छानबीन में पता चला कि सगीर को आखिरी बार बगल के गांव जिगनिहवा के तीन युवकों— वजीर, छोटू और शाका के साथ देखा गया था। दोपहर 12:00 बजे तक जब कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। शाम करीब 4:00 बजे ग्रामीणों ने घर से कुछ दूर खेत में सगीर का शव पड़ा देखा। परिजनों के अनुसार, सगीर के शरीर पर कई जगह गहरे चोट के निशान थे, जो हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

मृतक के पिता कलीमुल्लाह ने नामजद तहरीर देते हुए आरोप लगाया है कि वजीर, छोटू और शाका ने ही उनके बेटे की हत्या की और शव को खेत में फेंक दिया। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही मोहाना थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल, संदिग्धों से पूछताछ और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

 


Voice Of News 24