डिबाई: निजी अस्पताल की लापरवाही से प्रसूता की जान जोखिम में; ऑपरेशन के दौरान नस काटने का आरोप, प्रशासन से जांच की मांग

डिबाई

बुलंदशहर जनपद के तहसील डिबाई क्षेत्र में फर्जी तरीके से संचालित एक निजी अस्पताल की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के तहसील डिबाई क्षेत्र में फर्जी तरीके से संचालित एक निजी अस्पताल की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। प्रसव के दौरान प्रसूता की हालत बिगड़ने और अस्पताल प्रशासन द्वारा गुपचुप तरीके से उसे अन्यत्र भेजने को लेकर परिजनों ने भारी आक्रोश जताया है। पीड़ित परिवार ने उपजिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है।

आशा कार्यकर्ता और अस्पताल के ‘नेक्सस’ का आरोप

नगला तलवार निवासी भूरा सिंह के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 को उनकी पुत्रवधू मालती को प्रसव पीड़ा होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डिबाई लाया गया था। आरोप है कि वहां के स्टाफ ने उचित उपचार देने के बजाय परिजनों को निजी अस्पताल जाने की सलाह दी। परिजनों का दावा है कि गांव की आशा कार्यकर्ता ने अपने निजी कमीशन के लालच में उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया।

बिना सर्जन के ऑपरेशन: नस कटने से बिगड़ी हालत

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अस्पताल में किसी योग्य सर्जन की अनुपस्थिति में ही जल्दबाजी में ऑपरेशन कर दिया गया। इस दौरान कथित तौर पर प्रसूता की नस कट गई, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। जब स्थिति बेकाबू हो गई, तो अस्पताल संचालक परिजनों को बिना स्पष्ट जानकारी दिए मरीज को गुपचुप तरीके से हायर सेंटर ले गए।

अस्पताल के ‘फर्जीवाड़े’ पर सवाल

शिकायतकर्ता ने प्रार्थना-पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि संबंधित अस्पताल बिना मानकों के फर्जी तरीके से संचालित हो रहा है। आरोप है कि इस अस्पताल में पहले भी ऑपरेशन के दौरान लापरवाही की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की मौन स्वीकृति के कारण संचालक के हौसले बुलंद हैं।

निष्पक्ष जांच की मांग

पीड़ित भूरा सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि

अस्पताल के पंजीकरण और स्टाफ की योग्यता की जांच हो।

लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों और संचालक पर FIR दर्ज की जाए।

भ्रष्ट आशा कार्यकर्ता और CHC के मददगार स्टाफ पर भी कार्रवाई हो।मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने जांच का आश्वासन दिया है।

 


Voice Of News 24