सिद्धार्थनगर: चकबंदी के दौरान कानूनगो पर दबंगों का हमला, पुलिस के सामने हुई मारपीट से आक्रोश

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद के डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के राजपुर गांव में चकबंदी प्रक्रिया के दौरान दबंगों के हौसले बुलंद नजर आए। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के राजपुर गांव में चकबंदी प्रक्रिया के दौरान दबंगों के हौसले बुलंद नजर आए। शनिवार को चकबंदी के तहत कब्जा परिवर्तन की कार्रवाई करने पहुंचे कानूनगो नंद किशोर और रविन्द्र नाथ कन्नौजिया पर गांव के ही दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया।

हैरानी की बात यह रही कि यह हमला मौके पर मौजूद पुलिस बल के सामने हुआ, जिससे प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस हिंसक घटना से नाराज होकर चकबंदी विभाग के कर्मचारी और साथी कानूनगो घटनास्थल पर ही धरने पर बैठ गए हैं।

कर्मचारियों की मांग है कि दबंगों के खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और ड्यूटी के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो। मौके पर भारी तनाव की स्थिति बनी हुई है और तहसील प्रशासन के आला अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे कार्य का बहिष्कार जारी रखेंगे।

 

Voice Of News 24