मऊ में भीषण सड़क हादसा: बेटी की शादी कर लौट रहे परिवार के 5 सदस्यों की मौत, डिवाइडर तोड़ ट्रक से टकराई कार

मऊ

उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद में शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद में शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बरसातपुर अहिरानी गांव के पास हाईवे पर एक स्कॉर्पियो और ट्रक की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित कुल 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

बेटी को विदा कर घर लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर का यह परिवार झारखंड के रांची में अपनी बेटी की शादी संपन्न कराकर वापस घर लौट रहा था। कार (JH 21G3927) वाराणसी से गोरखपुर की ओर जा रही थी। हादसे का शिकार हुए लोग खुशियों के माहौल से घर वापस आ रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

कैसे हुआ हादसा?

सीओ घोसी, जितेंद्र कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हादसा शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे हुआ।

अनियंत्रित कार: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में चली गई।

आमने-सामने की टक्कर: दूसरी लेन में गोरखपुर की ओर से आ रहे ट्रक (BR 28GB2171) से कार की जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में कार में मौजूद एक पालतू कुत्ते ने भी दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान

पुलिस के अनुसार, मृतकों में गोरखपुर के रानीडीहा (थाना खोराबार) निवासी एक ही परिवार के तीन लोग और बिहार के दो युवक शामिल हैं:

विनय श्रीवास्तव (53) – पिता

अर्चना श्रीवास्तव (48) – पत्नी

कृतार्थ श्रीवास्तव (27) – पुत्र

रविंद्र यादव (20) – निवासी मटीहानी, गया (बिहार)

पुरुषोत्तम कुमार (28) – निवासी मटीहानी, गया (बिहार)

पुलिस की कार्रवाई

हादसे के बाद मौके पर पहुंची दोहरीघाट थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को वाहन से बाहर निकाला। पुलिस ने सभी शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मऊ भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों को सूचित कर दिया गया है और तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

Voice Of News 24