सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर जनपद के सरकारी दफ्तरों में अनुशासन और समयपालन को लेकर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने आज कड़ा रुख अपनाया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के सरकारी दफ्तरों में अनुशासन और समयपालन को लेकर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने आज कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार, 20 अप्रैल को कलेक्ट्रेट परिसर के औचक निरीक्षण के दौरान मिली भारी अव्यवस्था और लापरवाही पर डीएम ने कड़ा एक्शन लेते हुए 25 अधिकारी-कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश जारी किया है।
बंद मिला विभाग, कई पटल खाली
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी उस समय दंग रह गए जब खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग का कार्यालय पूरी तरह बंद पाया गया। इसके अलावा अन्य कई विभागों में भी कुर्सियां खाली मिलीं। डीएम ने संयुक्त कार्यालय, अभिलेखागार, प्रोबेशन, भूलेख, कोषागार और एडीएम कार्यालय सहित विभिन्न पटलों का गहन परीक्षण किया।
अनुपस्थित मिले कर्मचारियों का विवरण
संयुक्त कार्यालय: 13 कर्मचारी
कोषागार: 06 कर्मचारी
भूलेख अनुभाग: 03 कर्मचारी
आबकारी विभाग: 02 कर्मचारी
प्रोबेशन विभाग: 01 कर्मचारी
साफ-सफाई और रखरखाव पर नाराजगी
जिलाधिकारी ने केवल उपस्थिति ही नहीं, बल्कि कार्यालयों की कार्यप्रणाली और स्वच्छता का भी जायजा लिया। निरीक्षण में अभिलेखों का रखरखाव और साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर डीएम ने संबंधित प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने सख्त लहजे में स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्यों में पारदर्शिता और अनुशासन अनिवार्य है। उन्होंने कहा
सरकारी कार्यालयों में अनुशासनहीनता और जनता के कार्यों में देरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनुपस्थित सभी 25 कर्मियों को स्पष्टीकरण देना होगा। भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति होने पर और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासनिक हलचल
डीएम की इस अचानक हुई कार्रवाई से कलेक्ट्रेट के अन्य विभागों में भी हड़कंप मच गया है। इस कदम को जिले में कार्य संस्कृति सुधारने और जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण की दिशा में एक बड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: योगी सरकार ने देर रात 40 IAS अफसरों के किए तबादले, 15 जिलों के बदले गए DMhttps://t.co/gsRqvPveDc
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 20, 2026























