सिद्धार्थनगर: NH-730 पर अनियंत्रित होकर पलटी मुर्गियों से लदी पिकअप, खलासी को ड्राइविंग सिखाना पड़ा भारी

बढ़नी/चिल्हिया

सिद्धार्थनगर जनपद के चिल्हिया थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-730 (NH-730) पर आज शुक्रवार सुबह एक पिकअप वाहन के पलट जाने से अफरा-तफरी मच गई। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के चिल्हिया थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-730 (NH-730) पर आज शुक्रवार सुबह एक पिकअप वाहन के पलट जाने से अफरा-तफरी मच गई। परसिया मोड़ स्थित समय माता मंदिर के पास हुए इस हादसे में गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, हालांकि वाहन में लदी मुर्गियों का सड़क पर अंबार लग गया।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का मुख्य कारण चालक की घोर लापरवाही रही। बताया जा रहा है कि पिकअप का मुख्य चालक अपने खलासी को गाड़ी चलाना सिखा रहा था। तेज रफ्तार वाहन पर नियंत्रण न होने और अनुभव की कमी के कारण खलासी ने संतुलन खो दिया, जिससे पिकअप सड़क किनारे पलट गई।

बाल-बाल बचे चालक और खलासी

इस जोरदार टक्कर और पलटने के बावजूद चालक और खलासी को केवल मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सड़क पर मुर्गियों के फैल जाने के कारण कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ।

पुलिस ने क्रेन की मदद से हटवाया वाहन

हादसे की सूचना मिलते ही चिल्हिया थाना पुलिस सक्रिय हुई और तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस ने सबसे पहले भीड़ को नियंत्रित किया और क्रेन बुलाकर दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को सड़क से हटवाकर किनारे करवाया। पुलिस की त्वरित कार्यवाही से राजमार्ग पर यातायात को पुनः सुचारू रूप से बहाल किया जा सका। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

Voice Of News 24