बाबा साहब की 135वीं जयंती: लखनऊ में बसपा का शक्ति प्रदर्शन, मायावती ने केंद्र व राज्य सरकारों पर साधा निशाना

लखनऊ

संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती आज पूरे प्रदेश में हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती आज पूरे प्रदेश में हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। बहुजन समाज पार्टी ने इस अवसर को बेहद भव्य रूप दिया है। बसपा सुप्रीमो मायावती के आह्वान पर प्रदेश के सभी 18 मंडलों से भारी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी लखनऊ स्थित सामाजिक परिवर्तन स्थल पर एकत्र हुए हैं।

पुष्पांजलि और नमन

बसपा प्रमुख मायावती ने आज सुबह अपने आवास पर वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बाबा साहब की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और दीप प्रज्वलित किया। इस दौरान उनके साथ बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा, प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल, राष्ट्रीय महासचिव मेवालाल और सभी मंडलों के प्रभारी मौजूद रहे।

सोशल मीडिया पर सरकारों को घेरा

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से देशवासियों को बधाई दी और सत्तासीन पार्टियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा

Image

“अगर देश की केंद्र और राज्यों की सत्ता में रहने वाली पार्टियां बाबा साहब के मानवतावादी और सर्वजन-हितैषी संविधान के उद्देश्यों को सही से लागू करतीं, तो भारत अब तक गरीबी, बेरोजगारी और जातिवादी द्वेष से मुक्त एक आत्मनिर्भर देश बन चुका होता।”

मिशनरी भावना से श्रद्धांजलि

मायावती ने देश भर के कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि बीएसपी के लोग पूरी ‘मिशनरी भावना’ के साथ बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि डॉ. आंबेडकर का पूरा जीवन शोषितों, पीड़ितों और महिलाओं के सम्मान व उत्थान के संघर्ष में बीता।

आर्थिक मुक्ति का संकल्प

बसपा प्रमुख ने अपने संदेश में कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जब समाज इन विफलताओं का जवाब ढूंढेगा, तभी बाबा साहब का ‘सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक मुक्ति’ का कारवां चुनावी सफलता हासिल कर अपनी मंजिल की ओर आगे बढ़ेगा। लखनऊ में उमड़ी समर्थकों की भारी भीड़ को आगामी चुनावों के मद्देनजर बसपा के बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।

 


Voice Of News 24