बिजनौर: शिमला में ऊंची इमारत से गिरकर युवक की दर्दनाक मौत, कारपेंटर का काम करते समय हुआ हादसा

बिजनौर/शिमला

बिजनौर/शिमला हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में काम करने गए बिजनौर के एक 20 वर्षीय युवक की ऊंची इमारत से गिरकर मौत हो गई। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बिजनौर/शिमला हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में काम करने गए बिजनौर के एक 20 वर्षीय युवक की ऊंची इमारत से गिरकर मौत हो गई। मृतक युवक नूर अली, बिजनौर के राजा का ताजपुर स्थित मोहल्ला मिल्लत नगर खंदक का निवासी था। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, नूर अली शिमला में कारपेंटर (बढ़ई) का काम करता था। घटना 8 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे की है, जब वह एक बिल्डिंग पर काम कर रहा था। काम के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। गिरने के दौरान नूर अली का सिर नीचे लगे पत्थर से टकरा गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद सहकर्मियों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों में शोक, पुलिस जांच जारी

नूर अली की मौत की खबर मिलते ही मोहल्ला मिल्लत नगर में मातम पसर गया है। मृतक के पिता मुख्तियार अंसारी उर्फ छोटे और अन्य परिजन शव लेने के लिए शिमला रवाना हो गए हैं। शिमला के थाना प्रभारी सागर कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला पैर फिसलने के कारण हुआ हादसा लग रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी। उधर, राजा का ताजपुर में इस हादसे को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।

 

Voice Of News 24