डिबाई (बुलंदशहर)
पूर्णिमा के अवसर पर बुलंदशहर जिले के डिबाई विधानसभा क्षेत्र के तीर्थ स्थल राजघाट पर बांके बिहारी घाट, दुर्गा देवी घाट और पक्के घाट सहित सभी प्रमुख घाटों पर सुबह से ही स्नान के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

पूर्णिमा के अवसर पर बुलंदशहर जिले के डिबाई विधानसभा क्षेत्र के तीर्थ स्थल राजघाट पर बांके बिहारी घाट, दुर्गा देवी घाट और पक्के घाट सहित सभी प्रमुख घाटों पर सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्नान के पश्चात श्रद्धालुओं ने तट पर विधि-विधान से पूजन किया और मां गंगा की आरती उतारी। पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान को अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
गुरुवार को पूर्णिमा के पावन अवसर पर राजघाट के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। ब्रह्ममुहूर्त से ही ‘जय गंगे’ के उद्घोष गूंजने लगे। हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया और सुख-समृद्धि की कामना की।
राजघाट चौकी प्रभारी प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ मेला क्षेत्र में तैनात रहे। गंगा घाट पर मोटर बोट से लगातार निगरानी की गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।

इस अवसर पर विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु राजघाट पहुंचे थे। इनमें डिबाई, अलीगढ़, हाथरस, सासनी, मथुरा, बहजोई, अतरौली, गोधा और धनारी सहित कई अन्य क्षेत्रों से आए भक्तों ने गंगा स्नान किया। स्नान के बाद, श्रद्धालुओं ने घाट पर बैठे ब्राह्मणों को दान-दक्षिणा भी दी।
Voice Of News 24























