लखीमपुर खीरी
पलिया/मझगईं लखीमपुर खीरी के मझगईं थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक 35 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला प्रकाश में आया है।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

पलिया/मझगईं लखीमपुर खीरी के मझगईं थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक 35 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला प्रकाश में आया है। मृतक की पहचान बुद्धापुरवा निवासी सतीश यादव के रूप में हुई है, जो पलिया स्थित श्यामल डेयरी में कार्यरत थे। शव पर मिले नीले निशानों के कारण परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले को संदिग्ध बताया है।
घटना का विवरण
परिजनों के अनुसार, सतीश यादव सोमवार को ही अपनी ससुराल से एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर पत्नी रेनू के साथ पलिया लौटे थे। सोमवार की रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में मंगलवार सुबह परिजन उन्हें पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रCHC ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के आरोप और पुलिस कार्रवाई
सतीश के शरीर पर जगह-जगह नीले निशान मिलने से सनसनी फैल गई। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा, तो परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे एक मासूम बेटी को छोड़ गए हैं, जिसका मुंडन संस्कार अभी बीते 25 मार्च को ही संपन्न हुआ था।
थाना मझगईं पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
Voice Of News 24: गुड माॅर्निंग डे स्पेशल – आज 1 अप्रैल का दिन क्यों है खास
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 1, 2026













